Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- टाइटन ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) में 25% की ओवरऑल बिजनेस ग्रोथ हासिल की
- वहीं, ज्वैलरी, वाचेस व आईकेयर सेगमेंट में 20% से अधिक की बढ़त दर्ज की है
- इसके बावजूद बुधवार को कंपनी के शेयरों में 4% की गिरावट देखी गई
- आइए जानते हैं कि ब्रोकरेज ने इसको लेकर क्या रेटिंग दी है?
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2FY27) के शानदार बिजनेस अपडेट के बावजूद बुधवार को शेयर बाजार में टाइटन (Titan) के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। दिन के शुरुआती कारोबार में ही टाइटन के शेयर 4% तक लुढ़क गए। BSE पर कंपनी का शेयर गिरकर ₹4,370 के स्तर पर आ गया। हालांकि, इस दौरान कंपनी के कंज्यूमर बिजनेस में सालाना आधार पर 25% की मजबूत ओवरऑल ग्रोथ दर्ज की गई है, जिसमें ज्वैलरी, घड़ियां और आईकेयर (EyeCare) जैसे सभी मुख्य सेगमेंट शामिल हैं।
तिमाही के मुख्य आंकड़े और बिजनेस परफॉर्मेंस
- ज्वैलरी बिजनेस (Jewellery) की बात करें टाइटन के मुख्य ज्वैलरी सेगमेंट में सालाना आधार पर लगभग 21% की बढ़त दर्ज की गई। तनिष्क (Tanishq), मिया (Mia), जोया (Zoya) और बीयॉन (beYon) ने मिलकर 20% की ग्रोथ हासिल की, जबकि कैरटलेन (CaratLane) ने 32% की मजबूत ग्रोथ दर्ज की। हालांकि, ऊंचे बेस के कारण सिक्कों (Investment Coins) की मांग में एक अंक की गिरावट आई।
- घड़ी बिजनेस के अपडेट पर नजर डालें तो घड़ियों के कारोबार में 30% का जोरदार उछाल देखने को मिला। एनालॉग घड़ियों की बिक्री में 30% से अधिक की ग्रोथ रही, वहीं स्मार्टवॉच सेगमेंट में भी सुधार दर्ज किया गया।
- आईकेयर (EyeCare) बिजनेस की बात करें तो आईकेयर डिवीजन ने दूसरी तिमाही में 28% की ग्रोथ दर्ज की। कंपनी की मल्टी-ब्रांड रणनीति और मौजूदा स्टोर्स के अपग्रेडेशन से इस सेगमेंट को मजबूती मिली है।
- स्टोर्स और इंटरनेशनल बिजनेस में टाइटन ने जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान 78 नए स्टोर्स जोड़े, जिससे उसके कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 3,758 हो गई है। कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार ने 97% की जबरदस्त ग्रोथ दिखाई, जिसमें उत्तर अमेरिका और गल्फ (Gulf Cooperation Council – GCC) देशों का बड़ा योगदान रहा।
फिर क्यों हुई शेयरों में गिरावट?
तिमाही के ज्यादातर समय में डिमांड मजबूत रही, लेकिन तिमाही के अंत में त्योहारों का कैलेंडर तीसरी तिमाही (Q3) में खिसकने की वजह से बिक्री की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी। इसके अलावा सोने की कीमतें लगातार रिकॉर्ड स्तर पर बनी हुई हैं, जिससे ग्राहकों द्वारा खरीदारी का दायरा थोड़ा सीमित हुआ है।
शेयर परफॉर्मेंस
टाइटन कंपनी लिमिटेड के शेयर आज दबाव में कारोबार कर रहे हैं, जिसमें लगभग 3.59% की गिरावट दर्ज की गई है। खबर लिखे जाने तक (12:09pm) यह शेयर 162.90 रुपये टूटकर 4,377.10 रुपये के स्तर पर आ गया था।
ब्रोकरेज फर्म ‘नोमुरा’ की क्या है राय?
टाइटन के शेयरों में गिरावट के बावजूद ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा (Nomura) ने इस स्टॉक पर अपना भरोसा कायम रखा है और शेयर पर ‘Buy’ (खरीदने की सलाह) रेटिंग दी है। नोमुरा ने टाइटन के लिए ₹5,425 का टारगेट प्राइस तय किया है।
नोमुरा के मुताबिक आने वाली तिमाहियों (Q3, Q4 और Q1) में टाइटन के सामने पिछले साल की उच्च बिक्री का बेस हो सकता है, जिससे रेवेन्यू ग्रोथ प्रतिशत के लिहाज से थोड़ी सुस्त दिख सकती है। वहीं, सोने के बढ़े हुए दामों के कारण तिमाही-दर-तिमाही रेवेन्यू ग्रोथ में दिखने वाली सुस्ती स्वाभाविक है। लेकिन, नोमुरा का अनुमान है कि कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 में कुल सेल्स में 19% और EBIT में 23% की मजबूत ग्रोथ हासिल कर सकती है। ब्रोकरेज का मानना है कि हाई बेस और सोने की ऊंची कीमतों के कारण शेयर में आने वाली कोई भी गिरावट या करेक्शन, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए टाइटन के शेयर जमा (Accumulate) करने का एक बेहतरीन मौका साबित हो सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




