Home rss world hindi 3 ऑपरेशन…8 आतंकी और 490 किलो विस्फोटक; बलूचिस्तान को लेकर मुनीर सेना...

3 ऑपरेशन…8 आतंकी और 490 किलो विस्फोटक; बलूचिस्तान को लेकर मुनीर सेना का बड़ा दावा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में तनाव जारी है। इस बीच मुनीर की सेना ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। खबर है कि सुरक्षा बलों ने 17 अक्टूबर को तीन जिलों में अलग-अलग खुफिया ऑपरेशन चलाए। इस ऑपरेशन में आठ आतंकवादी मारे गए और खुजदार से 490 किलोग्राम विस्फोटक बरामद हुए।

बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों ने एक ही दिन में तीन जिलों में बड़े खुफिया ऑपरेशन किए। इन कार्रवाइयों में कुल आठ आतंकवादी मारे गए और खुजदार जिले से 490 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किए गए। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, ये ऑपरेशन 17 अक्टूबर को क्वेटा, नुश्की और खुजदार में किए गए। सेना का कहना है कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की सड़क नाकाबंदी की कोशिश को नाकाम किया, ठिकानों पर छापे मारे और भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए। ISPR ने बताया कि इलाकों में सैनिटाइजेशन ऑपरेशन जारी है और ‘अज्म-ए-इस्तेहकाम’ योजना के तहत काउंटर-टेररिज्म कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

क्वेटा के पंजपाई में पांच आतंकवादी ढेर

ISPR के अनुसार, क्वेटा जिले के पंजपाई इलाके में सुरक्षा बलों को सूचना मिली कि आतंकवादी स्थानीय ट्रैफिक रोकने के लिए सड़क पर नाकाबंदी करने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया। मुठभेड़ के दौरान पांच आतंकवादी मारे गए। सेना का कहना है कि आतंकवादी स्थानीय लोगों को परेशान कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे।

नुश्की में दो आतंकवादी मारे गए

पाकिस्तानी सेना के अनुसार, नुश्की जिले में एक अलग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने पर छापा मारा। जैसे ही सुरक्षा बल पहुंचे, आतंकवादियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए। छापे के दौरान हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।

खुजदार में एक आतंकवादी मारा, 490 किलो विस्फोटक जब्त

खुजदार जिले में सुरक्षा बलों को खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी। इस जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी ठिकाने पर हमला किया। ऑपरेशन में एक आतंकवादी मारा गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस ठिकाने से 490 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किए गए। सेना का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद होने से एक बड़े हमले की योजना नाकाम हुई है।

सैनिटाइजेशन ऑपरेशन जारी

ISPR ने बताया कि तीनों जिलों में ऑपरेशन के बाद सैनिटाइजेशन (सफाई) अभियान जारी है। इसका मकसद इलाकों में छिपे बाकी आतंकवादियों को ढूंढकर खत्म करना है। सुरक्षा बल इन इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि कोई आतंकवादी बचकर न निकल सके।

सेना के बयान में आगे बताया गया कि सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां नेशनल एक्शन प्लान पर फेडरल एपेक्स कमेटी द्वारा मंजूर ‘अज्मम-ए-इस्तेहकाम’ के विजन के तहत काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशन पूरी ताकत से जारी रखेंगी। इन ऑपरेशनों का मकसद देश में बाहर से प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करना है। ISPR का कहना है कि बलूचिस्तान में सुरक्षा स्थिति बेहतर करने के लिए ऐसे ऑपरेशन लगातार किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जारी रहेंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN