Home rss business hindi 3 दिन से सुस्त पड़ा था ये शेयर, अब अचानक आई तूफानी...

3 दिन से सुस्त पड़ा था ये शेयर, अब अचानक आई तूफानी तेजी; 7% तक उछल गया स्टॉक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Ola Electric Share Price: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) के शेयरों में गुरुवार को अचानक तेज खरीदारी देखने को मिली। NSE पर कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 7% उछलकर ₹39.50 के दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया। लगातार तीन कारोबारी सत्रों में गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की, जिससे शेयर में तेजी आई। कारोबार के दौरान करीब 6.87 करोड़ शेयरों का लेनदेन हुआ और इनकी कुल वैल्यू लगभग ₹270 करोड़ रही। आइए जरा विस्तार से समझते हैं कि इस तेजी की वजह क्या है?

डीलर-बेस्ड नए स्टोर नेटवर्क से बढ़ी खरीदारी

शेयर में खरीदारी की एक अहम वजह कंपनी के डीलर-बेस्ड नए स्टोर नेटवर्क को भी माना जा रहा है। ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) ने हाल ही में अपने पहले बैच के डीलर-ऑपरेटेड स्टोर्स शुरू किए हैं। कंपनी ने करीब एक महीने पहले अपने सेल्स और सर्विस नेटवर्क को पार्टनर्स के लिए खोलने की शुरुआत की थी। इसके बाद राजस्थान, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, बिहार, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में नेटवर्क पार्टनर्स के स्टोर शुरू हो गए हैं।

बिक्री और सर्विस नेटवर्क में आई मजबूती

डीलर-ऑपरेटेड स्टोर्स से कंपनी को देश के अलग-अलग राज्यों में अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है। स्थानीय स्तर पर बिक्री और सर्विस नेटवर्क मजबूत होने से ग्राहकों को इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिल खरीदने के साथ-साथ सर्विस की सुविधा भी आसानी से मिल सकती है। ऐसे में निवेशक इस विस्तार को कंपनी के लिए सकारात्मक कदम के तौर पर देख रहे हैं।

Q1 FY27 में नेट लॉस घटा

हालांकि, कंपनी के वित्तीय आंकड़े अभी भी चुनौतीपूर्ण तस्वीर दिखाते हैं। ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) का Q1 FY27 में नेट लॉस घटकर ₹336 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में घाटा ₹428 करोड़ था। दूसरी ओर, कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 45% घटकर ₹455 करोड़ रहा। हालांकि Q4 FY26 के ₹265 करोड़ के मुकाबले तिमाही आधार पर इसमें 72% की बढ़ोतरी हुई।

Q1 में ऑर्डर बढ़कर 44,071 यूनिट

कंपनी के मुताबिक FY26 के बिजनेस रीसेट के बाद पहली पूरी तिमाही में ऑपरेशन को सरल बनाने, खर्च कम करने और एग्जीक्यूशन सुधारने पर फोकस किया गया। इसका असर ऑर्डर और डिलीवरी में भी दिखा। Q1 में ऑर्डर बढ़कर 44,071 यूनिट हो गए, जबकि पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 22,522 यूनिट था। डिलीवरी भी 20,256 यूनिट से बढ़कर 39,192 यूनिट हो गई।

ब्रोकरेज हाउस ने दी ये रेटिंग

फिर भी ब्रोकरेज हाउस शेयर को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज (Kotak Institutional Equities) और सिटी (Citi) ने Sell रेटिंग बरकरार रखी है, जबकि गोल्डमैन सैच (Goldman Sachs) ने न्यूट्रल (Neutral) रेटिंग दी है। ब्रोकरेज की मुख्य चिंता कंपनी की बिक्री मात्रा, कैश बर्न और भविष्य में पूंजी जुटाने की जरूरत को लेकर है। ऐसे में मौजूदा तेजी के बावजूद ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) में निवेशकों के लिए कंपनी की बिक्री, मार्जिन और कैश फ्लो पर नजर रखना महत्वपूर्ण रहेगा।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN