Home BUSINESS NEWS HINDI 300 यूनिट फ्री बिजली और मोटी सब्सिडी, मोदी सरकार की जबरदस्त है...

300 यूनिट फ्री बिजली और मोटी सब्सिडी, मोदी सरकार की जबरदस्त है यह स्कीम

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत देशभर में 50.06 लाख से अधिक घरों में छतों पर (रूफटॉप) सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत लाभार्थियों को 300 यूनिट फ्री बिजली समेत जबरदस्त सब्सिडी भी मिलती है। योजना की उपलब्धि के साथ ये भी बताएंगे कि इसके लिए कैसे अप्लाई कर सकते हैं।

क्या है उपलब्धि?

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि योजना की शुरुआत के दो वर्ष से 50 लाख से ज्यादा घरों में छतों पर (रूफटॉप) सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि 75,021 करोड़ रुपये के खर्च वाली इस योजना के तहत रूफटॉप सौर क्षमता के विस्तार में तेजी आई है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले नौ महीनों में इन प्लांट्स की स्थापना की गति 3.2 गुना बढ़ी है और दैनिक स्थापना अक्टूबर, 2025 के 5,038 से बढ़कर जुलाई, 2026 में करीब 16,328 हो गई है।

जुलाई, 2026 में 5.06 लाख घरों में छतों पर सोलर प्लांट लगाए गए, जो अब तक का सर्वाधिक मासिक आंकड़ा है। मंत्रालय ने कहा कि योजना के लाभार्थियों को अब तक 28,024 करोड़ रुपये की सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से जारी की जा चुकी है। इसका परिणाम यह हुआ है कि करीब 19 लाख परिवारों के बिजली बिल शून्य हो गए हैं।

वित्त वर्ष 2024-25 में 12 लाख से अधिक परिवारों ने खपत से अधिक पैदा हुई बिजली को बेचकर कुल 421 करोड़ रुपये अर्जित किए, जो प्रति परिवार औसतन करीब 3,500 रुपये की वार्षिक आय के बराबर है। मंत्रालय के अनुसार, रियायती दर पर लोन की सुविधा 21.87 लाख आवेदकों को स्वीकृत की गई है, जिनमें से 17.5 लाख इंस्टॉलेशन लोन के माध्यम से पूरी की जा चुकी हैं।

इस योजना के तहत अब तक 14.8 गीगावाट की रूफटॉप सौर क्षमता स्थापित की जा चुकी है। इसके अलावा 34,219 रजिस्टर्ड सेलर्स का नेटवर्क विकसित हुआ है, जिनमें से 29,469 सक्रिय हैं और 2.32 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है। सरकारी इमारतों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने की पहल के तहत केंद्र और राज्यों द्वारा चिह्नित 1.06 लाख भवनों में प्लांट लगाए जा चुके हैं।

कैसे अप्लाई करें?

सबसे पहले https://consumer.pmsuryaghar.gov.in/ की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करें। पहले स्टेप में अपना मोबाइल नंबर डालें और OTP से उसे वेरिफाई करें। सफलतापूर्वक वेरिफिकेशन के बाद, अपना नाम डालें, अपना राज्य और जिला चुनें और बाकी जानकारी भरें। इसके बाद अपनी ईमेल आईडी डालें और OTP से वेरिफाई कर अपनी प्रोफाइल ‘सेव’ करें।

स्टेप 2

वेंडर चुनने वाले पॉप-अप पर ‘Yes’ पर क्लिक करें, अगर आप चाहते हैं कि वेंडर आपके लिए एप्लीकेशन भरे, वरना ‘No’ पर क्लिक करें।

स्टेप 3

‘Apply for Solar Rooftop’ पर क्लिक करें। इसके बाद राज्य, जिला, डिस्कॉम (DISCOM) और कंज्यूमर नंबर चुनें। जरूरी जानकारी अपने-आप भरने के लिए ‘fetch details’ पर क्लिक करें। इसके बाद, एप्लीकेशन भरने और सबमिट करने के लिए ‘Next’ बटन पर क्लिक करें।

स्टेप 4

जब आपको फीजिबिलिटी अप्रूवल मिल जाए, तो वेंडर को चुनें और सब्सिडी पाने के लिए अपनी बैंक की जानकारी सबमिट करें।

स्टेप 5

प्लांट का इंस्टॉलेशन पूरा होने के बाद, वेंडर इंस्टॉलेशन की जानकारी वेरिफिकेशन के लिए आपको (यानी कंज्यूमर को) देता है और फिर उसे डिस्कॉम (DISCOM) को सबमिट करता है।

स्टेप 6

डिस्कॉम (DISCOM) इंस्पेक्शन करता है और इंस्पेक्शन की जानकारी कंज्यूमर को देता है। इसके बाद, कंज्यूमर सब्सिडी क्लेम करता है और NPIA को सबमिट करता है।

स्टेप 7

अगर आपकी सब्सिडी अप्रूव होती है तो 30 दिन के भीतर दिए गए बैंक अकाउंट में पैसे आ जाते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN