Source :- LIVE HINDUSTAN
सेल्फ केयर के लिए घर पर बनी चीजों को लगाना सबसे अच्छा माना जाता है। घर पर बने स्क्रब, फेस पैक वगैराह लगाकर हमेशा पॉजिटिव रिजल्ट मिलता है। यहां हम 4 चीजों से घरेलू स्क्रब बनाने का तरीका बता रहे हैं। इसे लगाकर स्किन निखरेगी और मुलायम भी हो जाएगी।
गर्मियों के मौसम में हमारी त्वचा की जरूरतें पूरी तरह बदल जाती हैं। इन दिनों में त्वचा को सूरज की तेज किरणों, पसीने और धूल-मिट्टी का सामना करना पड़ता है। जिसकी वजह से टैनिंग हो जाती है और स्किन बेजान सी दिखने लगती है। अगर आप इस मौसम में स्किन को सॉफ्ट और ग्लोइंग बनाकर रखना चाहते हैं तो घर पर बने स्क्रब का इस्तेमाल करना शुरू कर दें। ये स्क्रब स्किन साफ करने के साथ ही मुलायम बनाने का काम करता है। देखिए कैसे बनाएं और कैसे लगाएं।
किन चीजों से बनेगा बॉडी स्क्रब
इसे बनाने के लिए आपको चाहिए नारियल का तेल, चुकंदर कै रस, बेसन, चावल।
कैसे बनाएं बॉडी स्क्रब
बॉडी स्क्रब बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छे से पानी में धो लें। फिर कुछ देर के लिए भिगो दें। अब भीगे चावल को छन्नी में छान लें जब सारा पानी निकल जाए तो चावल को पीसकर एक पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट में बेसन और चुकंदर का रस डालें। चुकंदर का रस निकालने के लिए आधी चुकंदर को कद्दूकस कर लें और फिर एक सूती कपडें में डालें और अच्छी तरह से हाथों से दबाते हुए रस निकाल लें। फिर इस रस को चावल वाले पेस्ट में मिलाएं और अच्छी तरह से मिक्स कर दें। अच्छे से मिक्स करने के बाद अंत में नारियल का तेल डालें। स्क्रब तैयार है।
कैसे करें बॉडी स्क्रब का इस्तेमाल
सबसे पहले पानी से बॉडी को गीला कर लें। 5-10 मिनट पानी में रहने से आपकी त्वचा थोड़ी नरम हो जाती है, जिससे डेड स्किन आसानी से निकल पाती हैं। पानी से नहाने के बाद थोड़ी मात्रा में बॉडी स्क्रब अपनी हथेलियों में लें और इसे अपने शरीर पर लगाएं । स्क्रब लगाने पर अपने हाथों से सर्कुलर मोशन में त्वचा की मालिश करें। बहुत तेजी से या रगड़कर न घिसें क्योंकि इससे त्वचा छिल सकती है। स्क्रबिंग करते समय कोहनी, घुटने और एड़ियों जैसी सूखी और सख्त जगहों पर थोड़ा ज्यादा ध्यान दें। पूरी तरह से लगाने के बाद स्क्रब करने के बाद साफ पानी से पूरे शरीर को अच्छे से धो लें।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल आपकी जानकारी के लिए है। साथ ही याद रखें कि हर किसी की स्किन अलग-अलग होती है, इसलिए किसी भी तरह के नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या आपको किसी भी तरह की एलर्जी है, तो किसी नई चीज को लगाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





