Home BUSINESS NEWS HINDI 40% बढ़ी कमाई, कंपनी ने किया 700 करोड़ निवेश का ऐलान; शेयर...

40% बढ़ी कमाई, कंपनी ने किया 700 करोड़ निवेश का ऐलान; शेयर में आई 9% की जबरदस्त तेजी

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

शेयर बाजार में मंगलवार को जहां अधिकांश शेयर दबाव में कारोबार कर रहे थे, वहीं केईआई इंडस्ट्रीज़ (KEI Industries) ने निवेशकों को शानदार रिटर्न देकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कंपनी के शेयर करीब 9% उछलकर चार सप्ताह के उच्च स्तर 5,475 रुपये तक पहुंच गए। इस तेजी की सबसे बड़ी वजह जून तिमाही (Q1 FY27) के उम्मीद से बेहतर नतीजे रहे। कंपनी ने न केवल मजबूत राजस्व (Revenue) दर्ज किया, बल्कि मुनाफे और ऑपरेटिंग मार्जिन में भी शानदार सुधार दिखाया। इसके अलावा कंपनी ने भविष्य की मांग को देखते हुए 700 करोड़ रुपये के कैपेसिटी एक्सपेंशन का भी ऐलान किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

जून तिमाही में केईआई इंडस्ट्रीज (KEI Industries) का रेवेन्यू 23% बढ़कर 3,190 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की समान अवधि की तुलना में यह मजबूत वृद्धि मानी जा रही है। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म JM फाइनेंशियल का कहना है कि कच्चे माल की बढ़ी कीमतों और उद्योग में धीमी वॉल्यूम ग्रोथ के कारण वास्तविक बिक्री मात्रा में बढ़ोतरी सीमित रही। इसके बावजूद कंपनी ने अपने बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और मजबूत मांग के दम पर अच्छी आय दर्ज की।

कंपनी का EBITDA (ऑपरेटिंग प्रॉफिट) भी शानदार रहा। यह सालाना आधार पर 53% बढ़कर 400 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, EBITDA मार्जिन 12.4% रहा, जो पिछले साल की तुलना में 240 बेसिस प्वाइंट ज्यादा है। इसका मतलब है कि कंपनी ने अपने ऑपरेशन खर्चों को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया और ज्यादा मुनाफा कमाने में सफलता हासिल की। बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और ऑपरेटिंग लीवरेज ने इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई।

अगर शुद्ध मुनाफे (Net Profit) की बात करें तो कंपनी का PAT 40% बढ़कर 270 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, अन्य आय (Other Income) कम रहने की वजह से मुनाफे की वृद्धि EBITDA जितनी तेज नहीं रही। फिर भी बाजार ने इन नतीजों को बेहद सकारात्मक माना और शेयर में जोरदार खरीदारी देखने को मिली।

ब्रोकरेज हाउस JM Financial का मानना है कि कंपनी के मजबूत प्रदर्शन को देखते हुए वह वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने EBITDA मार्जिन गाइडेंस (10.5% से 11%) को बढ़ा सकती है। वहीं, कंपनी की डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क भी लगातार मजबूत हो रही है। जून तिमाही में कुल राजस्व का 59% हिस्सा इसी चैनल से आया, जबकि पिछले साल यह 51% था। इस चैनल से होने वाली बिक्री 42% बढ़कर 1,880 करोड़ रुपये पहुंच गई। चूंकि इस माध्यम से बिक्री पर कंपनी को बेहतर मार्जिन मिलता है, इसलिए भविष्य में भी मुनाफे में सुधार की संभावना जताई जा रही है।

कंपनी ने निवेशकों के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए 700 करोड़ रुपये के कैपेसिटी एक्सपेंशन की योजना पेश की है। यह निवेश सालारपुर प्लांट में किया जाएगा, जहां 50,000 किलोमीटर अतिरिक्त केबल निर्माण क्षमता और 40,000 मीट्रिक टन GI वायर क्षमता जोड़ी जाएगी। यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से पूरी होगी और इसके FY29 की दूसरी तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है। कंपनी का मानना है कि इससे भविष्य की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

जून तिमाही के अंत तक कंपनी की उत्पादन क्षमता का उपयोग भी मजबूत रहा। केबल सेगमेंट में 72%, कम्युनिकेशन केबल में 45%, हाउस वायर और वाइंडिंग वायर में 61%, जबकि स्टेनलेस स्टील वायर में 91% क्षमता का उपयोग किया गया। यह दर्शाता है कि कंपनी के कई प्रोडक्ट्स की मांग लगातार बनी हुई है।

कंपनी के नतीजों के बाद ब्रोकरेज हाउस भी काफी सकारात्मक नजर आए हैं। JM फाइनेंशियल ने शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 5,800 रुपये का लक्ष्य दिया है। वहीं, मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने भी ‘Buy’ रेटिंग बनाए रखी है और 5,010 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। हालांकि, मौजूदा शेयर भाव इस लक्ष्य से ऊपर पहुंच चुका है। ब्रोकरेज का मानना है कि केबल एंड वायर्स (Cables & Wires) सेक्टर में लंबे समय तक मजबूत मांग बनी रहने की संभावना है, जिसका फायदा KEI Industries को आने वाले सालों में मिल सकता है।

मजबूत तिमाही नतीजे, बढ़ते मुनाफे, बेहतर मार्जिन, वितरण नेटवर्क का विस्तार और 700 करोड़ रुपये की नई निवेश योजना ने KEI Industries को निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। हालांकि, किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, वैल्यूएशन और अपने जोखिम उठाने की क्षमता का आकलन जरूर करना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN