Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- शेयर बाजार में कारोबार करने वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी पूनावाला फिनकॉर्प लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं
- कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 406% से ज्यादा बढ़कर 374.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया
Poonawalla Fincorp Ltd Share: शेयर बाजार में कारोबार करने वाली नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी पूनावाला फिनकॉर्प लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 406% से ज्यादा बढ़कर लगभग 375 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को 74 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी के बेहतर नतीजों के बीच शुक्रवार, 9 अक्टूबर को शेयर में भी तेजी देखने को मिली। आज BSE पर कंपनी के शेयर 448 रुपये पर बंद हुए। शेयर में 2.24% की तेजी देखी गई।
कंपनी की कमाई में भी जोरदार बढ़ोतरी
पूनावाला फिनकॉर्प की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) में भी अच्छी बढ़त दर्ज की गई। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी की NII सालाना आधार पर 75.7% बढ़कर 1,589 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 905 करोड़ रुपये थी। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून में कंपनी का मुनाफा 308 करोड़ रुपये था, जो दूसरी तिमाही में बढ़कर करीब 375 करोड़ हो गया। इस तरह तिमाही आधार पर मुनाफे में 21.8% की बढ़ोतरी हुई। कंपनी का प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPOP) भी पिछली तिमाही के मुकाबले 11.8% बढ़ा।
कंपनी के कारोबार में भी आई तेजी
कंपनी की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) यानी कुल प्रबंधित परिसंपत्तियां सितंबर 2026 के अंत तक बढ़कर 74,008 करोड़ रुपये हो गईं। इसमें तिमाही आधार पर 12.3% और सालाना आधार पर 75.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी के मुताबिक, उसके नए प्रोडक्ट्स का कुल AUM में करीब 18% योगदान रहा। रिटेल लोन कारोबार में भी अच्छी मांग देखने को मिली। कंपनी के कुल ऑन-बुक लोन में सुरक्षित कर्ज की हिस्सेदारी 52% रही।
कर्ज में आई कमी
पूनावाला फिनकॉर्प के लिए एक और अच्छी बात यह रही कि उसके कर्ज के रेशियो में सुधार हुआ। कंपनी का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (GNPA) घटकर 1.20% पर आ गया। इसमें पिछली तिमाही के मुकाबले 0.17 प्रतिशत प्वाइंट और पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 0.39 प्रतिशत प्वाइंट की कमी आई। वहीं, कंपनी का रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) बढ़कर 2.18% हो गया।
गोल्ड लोन कारोबार का हो रहा विस्तार
कंपनी अपने गोल्ड लोन कारोबार को बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है। इसके लिए गोल्ड लोन शाखाओं का नेटवर्क बढ़ाकर 550 शाखाओं तक पहुंचा दिया गया है। कंपनी डिजिटल प्लेटफॉर्म, टेली-कॉलिंग, डायरेक्ट सेलिंग एजेंट और अपनी बिक्री टीम के जरिए ग्राहकों तक पहुंच बना रही है। इसके अलावा, कंपनी के पर्सनल लोन कारोबार में भी बढ़ोतरी देखने को मिली। PL प्राइम कारोबार में दूसरी तिमाही के दौरान हर महीने औसतन करीब 577 करोड़ रुपये के लोन बांटे गए, जबकि पहली तिमाही में यह आंकड़ा लगभग 537 करोड़ रुपये था।
आगे क्या है कंपनी की योजना
कंपनी आने वाले दो सालों में अपने AUM को सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) के आधार पर करीब 35-40% तक बढ़ाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। सितंबर 2026 के अंत में कंपनी का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 18.68% और लीवरेज 4.30 गुना रहा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




