Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- अगस्त में अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक – औद्योगिक श्रमिक(AICPI-IW) बढ़कर 154.4 अंक हो गया
- इस आंकड़े से डीए में बड़े उछाल की उम्मीद की जा रही है
अगर केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स हैं तो आपको अक्टूबर महीने का इंतजार बेसब्री से होगा। इस महीने में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) का ऐलान होने वाला है। इस भत्ते को लेकर बड़े संकेत मिल रहे हैं। दरअसल, लेबर ब्यूरो ने बुधवार, 30 सितंबर 2026 को अगस्त 2026 के अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक – औद्योगिक श्रमिक(AICPI-IW) के आंकड़े जारी कर दिए हैं। ये आंकड़े डीए के कैल्कुलेशन में काफी अहम भूमिका निभाते हैं। आइए डिटेल जान लेते हैं इस आंकड़े और डीए को लेकर अनुमान के बारे में।
क्या कहते हैं आंकड़े?
अगस्त में AICPI-IW बढ़कर 154.4 अंक हो गया जबकि जुलाई में यह 153.2 अंक था। यानी एक महीने में इंडेक्स में 1.2 अंक की बढ़ोतरी हुई है। अगस्त के आंकड़े आने के बाद DA का अनुमानित स्तर 65 फीसदी पहुंच गया है। हालांकि, यह अभी आधिकारिक DA दर नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से इसकी घोषणा होना बाकी है। ऐसा माना जा रहा है कि सरकार अक्टूबर में दशहरा से पहले ऐलान कर सकती है। इस बार दशहरा 20 अक्टूबर को है। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों के लिए DA की दर 60 फीसदी है।
अगर यह बढ़कर 65 फीसदी होती है तो कर्मचारियों के बेसिक पे पर DA में 5 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। इससे पहले जनवरी से जून छमाही तक के लिए डीए की दर 2 फीसदी थी। इस तरह, डीए 58 से बढ़कर 60 फीसदी हो गया था। अब अगर 5 फीसदी की बढ़ोतरी होती है तो साल में कुल 7 फीसदी डीए बढ़ोतरी हो जाएगी।
डीए कैसे तय होता है?
बता दें कि केंद्रीय कर्मचारियों का DA साल में दो बार संशोधित किया जाता है। इसकी गणना AICPI-IW के आंकड़ों के आधार पर होती है। जनवरी में होने वाले संशोधन के लिए जुलाई से दिसंबर के आंकड़े और जुलाई में होने वाले संशोधन के लिए जनवरी से जून के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाता है।
5 फीसदी बढ़ोतरी पर कितनी बढ़ेगी सैलरी?
केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में अगर 5 फीसदी का इजाफा होता है तो अलग-अलग पे लेवल के कर्मचारियों की बेसिक सैलरी के आधार पर हर महीने मिलने वाले DA में बढ़ोतरी होगी। लेवल-1 की न्यूनतम बेसिक सैलरी ₹18,000 पर महंगाई भत्ता यानी डीए ₹10800 से बढ़कर ₹11700 हो जाएगा। इसका मतलब हुआ कि हर महीने ₹900 की बढ़ोतरी होगी। वहीं, लेवल-10 में ₹56,100 बेसिक पे पर डीए ₹33,660 से बढ़कर ₹36,465 हो जाएगा। इसका मतलब है कि हर महीने केंद्रीय कर्मचारी को ₹2,805 ज्यादा मिल सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




