Source :- Khabar Indiatv
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में फ्यूचर सिटी पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी छापने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 6.78 करोड़ रुपये बताई गई है। मौके से नकली नोट छापने और तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले प्रिंटर, लैपटॉप, करेंसी कटिंग मशीन सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदुपोजू कर्नाकर, चिननोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी और करनम अजय कुमार के रूप में हुई है।
फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी ने बताया कि रविवार को अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर स्पेशल ऑपरेशंस टीम (एसओटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक कार को रोककर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
किराये के मकान में चल रही थी नकली नोटों की फैक्ट्री
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शहर के बाहरी इलाके कुंटलूर में एक किराये के मकान से नकली नोट छापने का काम कर रहे थे। यहां बाकायदा प्रिंटिंग यूनिट संचालित की जा रही थी, जहां 500 रुपये के जाली नोट तैयार किए जाते थे।
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को देते थे धमकी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर फर्जी पुलिस पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी और नकली पिस्टल का इस्तेमाल कर खुद को पुलिसकर्मी बताते थे। इसके जरिए वे लोगों को डराकर धमकाते और उनके साथ ठगी करते थे।
पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट छापने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण कहां से लाए गए थे, जाली नोटों को बाजार में खपाने के लिए कौन-सा नेटवर्क सक्रिय था और इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
ये भी पढ़ें-
भारतीय नौसेना के दो अधिकारियों का होगा कोर्ट मार्शल, नेवी ने शुरू की प्रक्रिया, क्यों हुई कार्रवाई?
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS




