Home BUSINESS NEWS HINDI 6 एनालिस्ट बोले सेल, लेकिन इस सरकारी शेयर में 31% रिटर्न का...

6 एनालिस्ट बोले सेल, लेकिन इस सरकारी शेयर में 31% रिटर्न का दावा! क्या NALCO बनेगा अगला मल्टीबैगर?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश की प्रमुख सरकारी मेटल कंपनी नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) एक बार फिर निवेशकों के बीच चर्चा में आ गई है। दिलचस्प बात यह है कि कंपनी के शेयर पर बाजार के एक्सपर्ट की राय बंटी हुई है। जहां कई विश्लेषक इस स्टॉक को बेचने की सलाह दे रहे हैं, वहीं एक बड़ी ब्रोकरेज फर्म ने इसमें 31% तक की तेजी की संभावना जताई है। इसी वजह से निवेशकों की नजर अब NALCO के भविष्य पर टिकी हुई है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

एंटीक ने बनाया भरोसा

बुधवार 24 जून को NALCO के शेयरों में हल्की गिरावट देखने को मिली और यह करीब 351 रुपये के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। हालांकि, शेयर में दिनभर कमजोरी रही, लेकिन ब्रोकरेज हाउस एंटीक (Antique) ने कंपनी पर अपना भरोसा कायम रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर “Buy” रेटिंग बरकरार रखते हुए 463 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। मौजूदा कीमत की तुलना में यह करीब 31% का संभावित रिटर्न दर्शाता है।

ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले समय में एल्युमिनियम की मजबूत कीमतें और एलुमिना (Alumina) की बढ़ती बिक्री कंपनी की कमाई को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। इसके अलावा कंपनी की लागत में भी कमी आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, बॉक्साइट खनन की लागत घटने, कोयले की बेहतर उपलब्धता और कर्मचारियों से जुड़े खर्चों में कंट्रोल से NALCO का मार्जिन मजबूत हो सकता है।

कंपनी के डेवलपमेंट की सबसे बड़ी वजह उसका नया प्रोजेक्ट माना जा रहा है। NALCO की 5वीं एलुमिना रिफाइनरी स्ट्रीम, जिसकी क्षमता 10 लाख टन प्रतिवर्ष है, वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में शुरू होने की संभावना है। इस प्रोजेक्ट से कंपनी को अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मिलेगी और रेवेन्यू में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि केवल FY27 में ही यह यूनिट लगभग 2 लाख टन अतिरिक्त एलुमिना उत्पादन कर सकती है।

3 सालों में VAP की क्षमता बढ़ाने की भी योजना

इसके अलावा कंपनी अगले 3 सालों में वैल्यू एडेड प्रोडक्ट्स (VAP) की क्षमता बढ़ाने की भी योजना बना रही है। इससे कंपनी सिर्फ कच्चे माल की बिक्री पर निर्भर नहीं रहेगी, बल्कि ज्यादा मार्जिन वाले उत्पादों से भी कमाई कर सकेगी। यह रणनीति फ्यूचर में NALCO की लाभप्रदता को मजबूत बना सकती है।

हालांकि, सभी एक्सपर्ट इतने आशावादी नहीं हैं। NALCO को कवर करने वाले 14 एक्सपर्ट में से केवल 3 ने ‘Buy’ रेटिंग दी है। 5 एक्सपर्ट ने ‘होल्ड’ यानी शेयर को बनाए रखने की सलाह दी है, जबकि 6 एक्सपर्ट ने ‘सेल’ रेटिंग दी है। इसका मतलब है कि बाजार में कंपनी को लेकर मिक्स्ड राय बनी हुई है।

फिर भी नॉल्को (NALCO) के शेयरों ने साल 2026 में अब तक लगभग 12% का रिटर्न दिया है। मेटल सेक्टर में सुधार, एल्युमिनियम की वैश्विक डिमांड और कंपनी के विस्तार प्रोग्राम को देखते हुए कई निवेशक इसे लंबी अवधि के लिए आकर्षक अवसर मान रहे हैं।

अब देखने वाली बात यह होगी कि कंपनी अपने नए प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा कर पाती है या नहीं। अगर प्रबंधन अपने विकास लक्ष्यों को हासिल करने में सफल रहता है, तो आने वाले सालों में NALCO निवेशकों के लिए एक मजबूत मल्टीबैगर कहानी साबित हो सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN