Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत ने एशियन गेम्स के सातवें दिन कुल 6 मेडल जीते। शूटिंग में पहला गोल्ड मेडल हासिल किया ,जबकि बारानिका एलांगोवान ने पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य जीता।
भारत ने एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन एक गोल्ड के साथ कुल 6 पदक अपने नाम किए। सुरूचि सिंह और कमलजीत ने निशानेबाजी में स्वर्ण का लंबा इंतजार खत्म किया, जबकि लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने 10000 मीटर में रजत पदक जीता लेकिन सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के बैडमिंटन पुरुष युगल स्पर्धा के पहले दौर से ही बाहर होने से एशियाई खेलों में शुक्रवार को भारत को झटका लगा। बारानिका एलांगोवान ने एशियाई खेलों में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया। भारत मेडल टैली में अब 12वें स्थान पर हैं। उसके पास कुल 23 मेडल हो गए हैं, जिसमें 2 गोल्ड, 9 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज हैं।
चीन का आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स में दबदबा बरकरार है। चीन ने अब तक एशियन गेम्स में 98 स्वर्ण, 37 रजत और 24 कांस्य पदक जीते हैं। मेजबान जापान इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने 28 गोल्ड, 43 रजत और 44 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। जापान ने कुल 115 और चीन ने 159 मेडल जीते हैं। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि शुक्रवार को भारत ने किन इवेंट में मेडल हासिल किए हैं।
निशानेबाजी में मिला गोल्ड मेडल
कमलजीत और सुरुचि सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जोरदार वापसी करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला निशानेबाजी स्वर्ण पदक दिलाया । वहीं पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार ने 1762 अंक के साथ रजत पदक जीता। कमलजीत और सुरुचि ने फाइनल में कुल 484.6 अंक हासिल किए। यह स्वर्ण ऐसे समय में मिला जब 10 मीटर एयर राइफल में पीला तमगा हाथ नहीं लगा और 10 मीटर एयर पिस्टल में व्यक्तिगत, पुरूष और महिला टीम वर्ग में झोली खाली रही।
ट्रैक और फील्ड
गुलवीर सिंह ने ट्रैक और फील्ड में एशियाई खेलों के अपने कांस्य को रजत में बदला और पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में 28 मिनट 29.38 सेकंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहे।
शॉटपुट में मिला ब्रॉन्ज
शॉटपुट में मनप्रीत कौर ने 17 . 17 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य जीता जो 2023 के बाद उनका पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है।
वॉल्ट स्पर्धा में मिला पहला पदक
बारानिका एलांगोवान ने शुक्रवार को महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। उनतीस वर्षीय बारानिका ने कजाखस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त कांस्य पदक जीता क्योंकि दोनों 4.15 मीटर के सर्वश्रेष्ठ ‘क्लियरेंस’ और 4.25 मीटर पर समान संख्या में असफल प्रयासों के साथ बराबरी पर रहीं। यह पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का अब तक का पहला पदक है।
टेबल टेनिस
2023 में अचानक बनी जोड़ी मानुष शाह और दिया चितले के लिए एशियाई खेलों में मेडल जीता है। उन्होंने शुक्रवार को आइची-नागोया में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
महिला हॉकी
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को मेजबान जापान को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और इस तरह से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
सात्विक और चिराग की जोड़ी बाहर
बैडमिंटन कोर्ट पर गत चैंपियन सात्विक और चिराग की जोड़ी की पहले दौर में हार चौंकाने वाली रही । मिश्रित युगल में तनिशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने लगातार दो जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
स्क्वॉश में तीन पदक कन्फर्म
भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ियों ने तीन पदक पक्के कर लिए। जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि अनाहत सिंह और अभय सिंह ने एकल स्पर्धाओं के अंतिम चार में प्रवेश किया।
कबड्डी टीम ने पदक किया पक्का
भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीम ने अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में जगह बनाकर अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीम शनिवार को होने वाले फाइनल में ईरान से भिड़ेंगी।
तैराकी में खराब प्रदर्शन
तैराकी में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा जब अनुभवी साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई फाइनल में निराशाजनक सातवें स्थान पर रहे जबकि ऋषभ दास और उत्कर्ष पाटिल ने पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धाओं में क्रमशः छठा और सातवां स्थान हासिल किया जिससे भारत को तरणताल से कोई पदक नहीं मिला।
मुक्केबाजी में प्रीति पवार बाहर
मुक्केबाजी में भारत के सचिन सिवाच ने जॉर्डन के मोहम्मद अदनान अबू जाजेह पर कड़े मुकाबले में जीत हासिल करके पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लेकिन पिछले सत्र की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार का सफर खत्म हो गया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




