Source :- LIVE HINDUSTAN
इजरायल ने सोमवार को चेतावनी दी है कि अगर फिलिस्तीनी प्राधिकरण ने 7 अक्टूबर 2023 जैसे हमले की तैयारी की, तो उसके खिलाफ पूर्ण युद्ध छेड़ दिया जाएगा। रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज का यह बयान वेस्ट बैंक में हुए चाकू हमले के बाद आया है, जिसमें सेना ने हमलावर को गोली मारकर मार गिराया।
क्या इजरायल पर एक बार फिर 7 अक्टूबर 2023 जैसा हमला होने वाला है? रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज के ताजा बयान ने यही सवाल खड़ा कर दिया है। दरअसल, सोमवार को इजराइल ने साफ चेतावनी दी कि अगर फिलिस्तीनी प्राधिकरण ने 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा गाजा से किए गए हमले की तर्ज पर इजरायली सेना या यहूदी बस्तियों पर हमला किया, या ऐसी तैयारी का पक्का सबूत मिला, तो उसके खिलाफ ‘पूर्ण पैमाने पर युद्ध’ छेड़ दिया जाएगा।
बयान में क्या कहा गया है?
रक्षा मंत्री काट्ज के कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि अगर फिलिस्तीनी प्राधिकरण के सुरक्षा तंत्र और उससे जुड़े निकाय आईडीएफ बलों और यहूदी बस्तियों के खिलाफ 7 अक्टूबर जैसा आतंकी हमला शुरू करते हैं, या हमें निश्चित रूप से पता चलता है कि वे ऐसा करने वाले हैं, तो प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और मैंने इजरायली रक्षा बल को पूर्ण युद्ध की तैयारी करने का निर्देश दे दिया है।
काट्ज ने कहा कि ऐसे अभियान का निशाना रामल्लाह स्थित फिलिस्तीनी प्राधिकरण का वरिष्ठ नेतृत्व और तंत्र होगा, साथ ही वेस्ट बैंक में मौजूद सभी आतंकी ढांचे भी। इसमें वरिष्ठ व्यक्तियों की लक्षित हत्याएं, उन शहरों और गांवों से निवासियों को निकालना शामिल होगा जहां से आतंकी गतिविधियां होती हैं, और उन इलाकों में इजरायली सेना की स्थायी तैनाती भी होगी। उन्होंने कहा कि यह मॉडल उसी तरह का होगा, जैसा सेना फिलहाल गाजा और दक्षिणी लेबनान के ‘सुरक्षा क्षेत्रों’ में अपना रही है।
वेस्ट बैंक में हुए चाकू हमले के बाद आया बयान
बता दें कि यह बयान उत्तरी कब्जे वाले वेस्ट बैंक में हुए चाकू हमले के बाद आया। इजरायली सेना के मुताबिक, एक फिलिस्तीनी हमलावर ने इजराइली बस्तीवासी पर चाकू से हमला किया, जिसके बाद सैनिकों ने उसे गोली मारकर मार दिया। मैगन डेविड एडोम आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि 20 वर्षीय युवक को कई चाकू के घावों के साथ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने हमलावर को मार गिराने वाले सैनिकों की तारीफ करते हुए कहा कि कोई भी आतंकवादी छिप नहीं सकता। उन्होंने बयान में कहा कि हम आतंकवादियों का सफाया जारी रखेंगे, उन्हें भेजने वालों का पीछा करेंगे और यहूदिया व सामरिया में आतंकी ढांचे को नष्ट कर देंगे। इस दौरान उन्होंने वेस्ट बैंक के लिए बाइबिल वाला नाम इस्तेमाल किया।
अक्टूबर 2023 को हुआ था हमला
बता दें कि 1967 से इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में हिंसा अक्टूबर 2023 के हमास हमले के बाद और तेज हुई है, जिसके बाद गाजा युद्ध शुरू हुआ। हाल के महीनों में इजरायली बस्तियों द्वारा फिलिस्तीनियों पर हमले बढ़े हैं, जिन पर अक्सर कानूनी कार्रवाई बहुत कम होती है। न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार, हमास के 7 अक्टूबर के हमले में 1221 लोग मारे गए। आतंकवादियों ने 251 लोगों को बंधक बनाकर गाजा ले गए, जिनमें से 44 पहले ही मारे जा चुके थे। जवाब में इजरायल के बड़े हमले में फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक कम से कम 73651 लोग मारे गए हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




