Source :- LIVE HINDUSTAN
Kshitij Polyline share price: भारतीय बाजार में भारी गिरावट के बावजूद सोमवार को क्षितिज पॉलीलाइन (Kshitij Polyline) के शेयर को खरीदने की लूट सी मच गई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर की कीमत में 5% का अपर सर्किट लगा और इसका भाव 6.25 रुपये पर पहुंच गया। इसी भाव पर शेयर की क्लोजिंग भी हो गई। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। बता दें कि लगातार 11वां ट्रेडिंग सेशन है जब शेयर में बढ़त दर्ज की गई। कंपनी के 52 हफ्ते का लो 1.88 रुपये है। शेयर रिटर्न की बात करें तो एक हफ्ते में 26% चढ़ गया है। एक महीने में शेयर का रिटर्न 50% का रहा तो YTD और एक साल के रिटर्न की बात करें तो यह 141% और 84% फीसदी की है।
शेयर में उछाल की वजह
प्लास्टिक शीट, फिल्म और संबंधित पॉलीमर उत्पादों की निर्माता कंपनी क्षितिज पॉलीलाइन ने हाल ही में FY26 के दौरान मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और रणनीतिक विस्तार की योजनाओं की घोषणा की। कंपनी ने FY25 में ₹9.30 करोड़ के नुकसान के मुकाबले FY25 में ₹3.55 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया।
कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू FY26 में साल-दर-साल आधार पर 46.3% बढ़कर ₹30.58 करोड़ से ₹44.75 करोड़ हो गया। नेटवर्थ साल-दर-साल 88% बढ़कर ₹62.74 करोड़ हो गई जबकि कुल एसेट्स साल-दर-साल 67% बढ़कर ₹88.19 करोड़ हो गए।
ओमकार स्पेशलिटी केमिकल्स का अधिग्रहण
पिछले महीने क्षितिज पॉलीलाइन ने एक बड़ा अधिग्रहण किया था। कंपनी ने जानकारी दी कि नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT), मुंबई बेंच द्वारा मंजूर रिजॉल्यूशन प्लान के अनुसार ओमकार स्पेशलिटी केमिकल्स लिमिटेड के अधिग्रहण के लिए पूरा और अंतिम भुगतान सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
यह ट्रांजैक्शन अब NCLT के अंतिम आदेश मिलने और उससे जुड़ी कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने का इंतजार कर रहा है। क्षितिज पॉलीलाइन के मुताबिक अधिग्रहण से स्पेशलिटी केमिकल्स सेगमेंट में क्षितिज पॉलीलाइन की मौजूदगी काफी मजबूत होने और रेवेन्यू में विविधता लाने, मार्जिन बढ़ाने और लंबे समय में वैल्यू बनाने के मौके मिलने की उम्मीद है। शेयरहोल्डिंग पैटर्न की बात करें तो प्रमोटर की हिस्सेदारी शून्य और पब्लिक शेयरहोल्डिंग 100 प्रतिशत की है।
सोमवार को बाजार का हाल
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 719.08 अंक यानी 0.97 प्रतिशत टूटकर 73,524.26 अंक पर बंद हुआ। कारोबार दौरान, यह 924.4 अंक तक लुढ़क गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 243.70 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,123 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, निफ्टी 296.55 अंक तक लुढ़क गया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







