Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत के शेयर बाजार में मिडकैप कंपनियां एक बार फिर निवेशकों के रडार पर हैं। बड़ी कंपनियों की तुलना में मिडकैप शेयरों में तेज ग्रोथ की संभावना अधिक मानी जाती है और यही वजह है कि एक्सपर्ट की नजर अब ऐसे शेयरों पर है, जो अगले 12 महीनों में शानदार रिटर्न दे सकते हैं। हाल ही में मार्केट एक्सपर्ट के औसत अनुमान (Consensus Target Price) के आधार पर तैयार किए गए आंकड़ों के मुताबिक, निफ्टी मिडकैप 100 के 9 ऐसे शेयर सामने आए हैं, जिनमें 26% से लेकर 75% तक की संभावित तेजी देखने को मिल सकती है। हालांकि, यह अनुमान एक्सपर्ट की राय पर आधारित है और भविष्य की गारंटी नहीं माना जा सकता, फिर भी निवेशकों के लिए यह लिस्ट काफी दिलचस्प बन गई है।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर कल्याण ज्वैलर्स (Kalyan Jewellers) का नाम है। कंपनी का शेयर फिलहाल करीब 378 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि विश्लेषकों का औसत लक्ष्य 664 रुपये है, यानी इसमें लगभग 76% तक की तेजी की संभावना जताई गई है। इस शेयर को कवर करने वाले अधिकांश एक्सपर्ट ने इसे स्ट्रॉन्ग बॉय की रेटिंग दी है। अगर सोने की डिमांड और ज्वेलरी कारोबार में तेजी जारी रहती है, तो यह शेयर निवेशकों को अच्छा रिटर्न दे सकता है।
दूसरे स्थान पर स्विगी (Swiggy) है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स सेक्टर की यह कंपनी फिलहाल करीब 241 रुपये पर ट्रेड कर रही है। एक्सपर्ट का औसत टारगेट 372 रुपये है, जो लगभग 55% संभावित बढ़त को दर्शाता है। कंपनी के बिजनेस विस्तार और बढ़ते डिजिटल ऑर्डर्स को इसकी मजबूती माना जा रहा है।
इन्फो एज (Info Edge) भी इस लिस्ट में शामिल है। नौकरी डॉट कॉम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म चलाने वाली इस कंपनी का शेयर करीब 979 रुपये पर है और एक्सपर्ट का टारगेट 1,300 रुपये है, यानी इसमें लगभग 33% की संभावित तेजी देखी जा रही है। इसी तरह सरकारी तेल कंपनी ऑयल इंडिया (Oil India) में भी करीब 31% की संभावित बढ़त का अनुमान लगाया गया है। इसका मौजूदा भाव करीब 407 रुपये है, जबकि औसत लक्ष्य 531 रुपये तय किया गया है।
एग्रोकेमिकल सेक्टर की दिग्गज कंपनी UPL का नाम भी इस सूची में है। यह शेयर करीब 591 रुपये पर कारोबार कर रहा है और विश्लेषकों का औसत लक्ष्य 761 रुपये है, यानी लगभग 29% का अपसाइड। वहीं, मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज (Max Financial Services) में भी लगभग 29% की संभावित तेजी बताई गई है। बीमा क्षेत्र में कंपनी की मजबूत स्थिति और लंबी अवधि की ग्रोथ इसे आकर्षक बनाती है।
फूड और क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) सेक्टर की कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स (Jubilant FoodWorks) भी निवेशकों के लिए पसंदीदा शेयरों में बनी हुई है। इसका शेयर फिलहाल 423 रुपये पर है, जबकि औसत लक्ष्य 542 रुपये है, यानी इसमें करीब 28% की संभावित बढ़त का अनुमान है। दूसरी ओर रेलवे सेक्टर से जुड़ी IRCTC (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) में भी लगभग 27% की संभावित तेजी दिखाई गई है। पर्यटन और रेलवे सेवाओं के विस्तार से कंपनी को भविष्य में फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस लिस्ट का आखिरी नाम विशाल मेगा मार्ट (Vishal Mega Mart) का है। कंपनी का शेयर करीब 116 रुपये पर कारोबार कर रहा है और एक्सपर्ट का औसत लक्ष्य 147 रुपये है, यानी इसमें करीब 26% तक की संभावित बढ़त का अनुमान लगाया गया है। रिटेल सेक्टर में बढ़ती मांग और विस्तार योजनाएं इस शेयर को मजबूती दे सकती हैं।
हालांकि, निवेशकों को यह समझना जरूरी है कि किसी भी शेयर का टारगेट प्राइस (Target Price) केवल एक्सपर्ट का अनुमान होता है, यह निश्चित रिटर्न की गारंटी नहीं देता। बाजार की स्थिति, कंपनी के नतीजे, वैश्विक घटनाएं और आर्थिक माहौल किसी भी समय शेयरों की दिशा बदल सकते हैं। इसलिए केवल संभावित अपसाइड देखकर निवेश करने के बजाय कंपनी की वित्तीय स्थिति, वैल्यूएशन और अपने जोखिम उठाने की क्षमता का भी आकलन करना चाहिए। अगर आप पहले से इन मिडकैप शेयरों में निवेश किए हुए हैं, तो यह रिपोर्ट आपके लिए उत्साहजनक हो सकती है। वहीं, नए निवेशकों के लिए यह सूची रिसर्च शुरू करने का एक अच्छा आधार बन सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




