Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- 8वें वेतन आयोग की 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु में एक अहम बैठक प्रस्तावित है
- वेतन आयोग की इस बैठक में हिस्सा लेने की चाहत है तो आपके लिए 10 अक्टूबर की तारीख काफी अहम हो जाती है
अगर केंद्रीय कर्मचारी हैं तो आपको आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट का इंतजार बेसब्री से होगा। अक्टूबर के महीने में वेतन आयोग अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए अहम कदम बढ़ाने वाला है। इस महीने में वेतन आयोग की 5 ऐसी अहम तारीख है जिसके बारे में केंद्रीय कर्मचारियों को जानना जरूरी है।
7-8 अक्टूबर
8वें वेतन आयोग की 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु में एक अहम बैठक प्रस्तावित है। वेतन आयोग इस बैठक के जरिए स्थानीय केंद्रीय कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों से वेतन, भत्ते, पेंशन और सेवा शर्तों से जुड़े सुझाव लेगा। कर्मचारी संगठन इस दौरान अपनी मांगों और समस्याओं को आयोग के सामने रख सकते हैं। खास तौर पर बेसिक पे में संशोधन, फिटमेंट फैक्टर, भत्तों, पेंशन और कर्मचारियों की सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दे चर्चा में रह सकते हैं।
10 अक्टूबर
अगर वेतन आयोग की इस बैठक में हिस्सा लेने की चाहत है तो आपके लिए 10 अक्टूबर की तारीख काफी अहम हो जाती है। दरअसल, वेतन आयोग ने अपनी वेबसाइट पर एक नोटिफिकेशन जारी किया था। इस नोटिफिकेशन के मुताबिक 10 अक्टूबर 2026 तक संबंधित संगठनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बैठक में भाग लेने के लिए आवेदन करना होगा।
आसान भाषा में समझें तो अगली बैठक में वेतन आयोग के सामने अपनी बात रखना चाहते हैं तो तय समय सीमा के भीतर आवेदन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
22-23 अक्टूबर
दशहरा के ठीक बाद 22 और 23 अक्टूबर 2026 को 8वां वेतन आयोग मुंबई में कर्मचारी संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ बैठकें करेगा। मुंबई की बैठकों में भी वेतन और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर सुझाव लिए जाने की उम्मीद है। बता दें कि दशहरा 20 अक्टूबर को है।
डीए का भी ऐलान अक्टूबर में
केंद्रीय कर्मचारियों के जुलाई से दिसंबर तक के महंगाई भत्ता यानी डीए का भी इंतजार अक्टूबर में ही खत्म हो सकता है। अब तक के पैटर्न को देखें तो सरकार दशहरा के आसपास इसका ऐलान करती है। ऐसा माना जा रहा है कि सरकार इस बार केंद्रीय कर्मचारियों के भत्ते में 3 पर्सेंट की बढ़ोतरी करेगी। अगर ऐसा हुआ तो भत्ता बढ़कर 63 पर्सेंट हो जाएगा। इससे पहले जनवरी से जून छमाही के लिए सरकार ने डीए में 2 पर्सेंट बढ़ाया था। इस तरह, पूरे साल की डीए बढ़ोतरी 5 पर्सेंट की हो जाएगी।
आपको बता दें कि आठवें वेतन आयोग के ऐलान के बाद दूसरी बार डीए में बढ़ोतरी होने वाली है। इस वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था और उसे अपनी सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से आयोग की रिपोर्ट की समयसीमा करीब मई 2027 में पूरी होती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




