Home BUSINESS NEWS HINDI 8वें वेतन आयोग से पहले बड़ी खबर! 7वें वेतन आयोग की ये...

8वें वेतन आयोग से पहले बड़ी खबर! 7वें वेतन आयोग की ये सीख बदल सकती है आपकी सैलरी

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश के लाखों केंद्रीय सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी इन दिनों 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आयोग की तैयारियां तेज हो चुकी हैं और ओडिशा के भुवनेश्वर समेत कई शहरों में कर्मचारियों के संगठनों और विभिन्न हितधारकों के साथ बैठकें हो रही हैं। इन बैठकों में फिटमेंट फैक्टर, बेसिक सैलरी, भत्तों और पेंशन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। हालांकि, हर किसी की नजर इस बात पर है कि इस बार सैलरी कितनी बढ़ेगी, लेकिन एक्सपर्ट का मानना है कि सिर्फ वेतन वृद्धि ही नहीं, बल्कि पूरी सैलरी संरचना (Salary Structure) सबसे बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।

दरअसल, 7वें वेतन आयोग ने सिर्फ वेतन नहीं बढ़ाया था, बल्कि सरकारी कर्मचारियों के वेतन तय करने का तरीका ही बदल दिया था। इससे पहले कर्मचारियों का वेतन पे बैंड (Pay Band) और ग्रेड पे (Grade Pay) के आधार पर तय होता था। यह व्यवस्था काफी जटिल मानी जाती थी और कर्मचारियों के लिए यह समझना आसान नहीं होता था कि प्रमोशन या सालाना वेतन वृद्धि के बाद उनका वेतन किस तरह बढ़ेगा।

इसी समस्या को खत्म करने के लिए 7वें वेतन आयोग ने पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) सिस्टम लागू किया। इस नई व्यवस्था ने पूरे वेतन ढांचे को सरल और पारदर्शी बना दिया। अब हर कर्मचारी आसानी से देख सकता है कि उसकी वर्तमान पे लेवल क्या है, अगली इंक्रीमेंट के बाद वेतन कितना होगा और प्रमोशन मिलने पर वह किस वेतन स्तर पर पहुंचेगा। इससे कर्मचारियों के करियर ग्रोथ की स्पष्ट तस्वीर सामने आने लगी।

एक्सपर्ट का मानना है कि 8वां वेतन आयोग भी इसी पे मैट्रिक्स मॉडल (Pay Matrix Model) को आधार बना सकता है। हालांकि, इसमें कुछ सुधार और बदलाव किए जा सकते हैं, ताकि बढ़ती महंगाई, बदलती आर्थिक परिस्थितियों और कर्मचारियों की नई जरूरतों को ध्यान में रखा जा सके।

बैंकबाजार (BankBazaar) के CEO अधिल शेट्टी का कहना है कि 7वें वेतन आयोग की सबसे बड़ी उपलब्धि वेतन बढ़ाना नहीं, बल्कि एक ऐसा ढांचा तैयार करना था, जिसने कर्मचारियों के वेतन बढ़ने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाया। उनका मानना है कि 8वां वेतन आयोग भी वेतन वृद्धि के साथ-साथ ऐसी व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश करेगा, जिससे कर्मचारियों को लंबे समय तक फायदा मिलता रहे।

दरअसल, किसी भी वेतन आयोग का असर केवल उस समय मिलने वाली सैलरी पर नहीं पड़ता, बल्कि आने वाले कई सालों तक कर्मचारियों की आय, प्रमोशन, पेंशन और वित्तीय सुरक्षा पर भी दिखाई देता है। इसलिए इस बार सरकार सिर्फ फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने तक सीमित नहीं रहना चाहेगी, बल्कि ऐसा वेतन ढांचा तैयार करने पर जोर दे सकती है जो भविष्य की जरूरतों के अनुरूप हो।

7वें वेतन आयोग ने यह भी साबित किया था कि सरल और एक समान वेतन प्रणाली कर्मचारियों में भरोसा बढ़ाती है। पहले अलग-अलग विभागों में वेतन निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर कई तरह की जटिलताएं थीं, लेकिन पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) लागू होने के बाद यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई। इससे वेतन निर्धारण में पारदर्शिता आई और विवाद भी कम हुए।

अब 8वें वेतन आयोग के सामने सबसे बड़ी चुनौती कर्मचारियों की उम्मीदों और देश की आर्थिक स्थिति के बीच संतुलन बनाना होगी। कर्मचारी संगठन जहां अधिक फिटमेंट फैक्टर, बेहतर वेतन और बढ़े हुए भत्तों की मांग कर रहे हैं, वहीं सरकार को राजकोषीय बोझ का भी ध्यान रखना होगा।

फिलहाल, आयोग की बैठकों का दौर जारी है और अंतिम सिफारिशों में अभी समय है। लेकिन, इतना तय माना जा रहा है कि इस बार भी सिर्फ वेतन वृद्धि नहीं, बल्कि पूरी सैलरी स्ट्रक्चर में सुधार पर जोर रहेगा। अगर ऐसा होता है, तो 8वां वेतन आयोग आने वाले कई सालों तक सरकारी कर्मचारियों के वेतन, प्रमोशन और पेंशन व्यवस्था की दिशा तय करेगा। यही वजह है कि लाखों कर्मचारी इसकी हर बैठक और हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN