Home BUSINESS NEWS HINDI 81 दिन में 10 लाख AC बेचने वाले Voltas के शेयरों की...

81 दिन में 10 लाख AC बेचने वाले Voltas के शेयरों की गर्मी हुई शांत, 2% टूटे

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

टाटा ग्रुप की कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनी Voltas ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की शानदार शुरुआत की है। कंपनी ने वित्त वर्ष के पहले 81 दिनों में ही 10 लाख रूम एयर कंडीशनर (AC) बेचने का रिकॉर्ड बना लिया है। यह उपलब्धि कंपनी के इतिहास में सबसे कम समय में हासिल की गई है। इसके बाद ठंडे मार्केट में वोल्टास के शेयरों की गर्मी इस कदर बढ़ी कि सोमवार को 5% तक उछल गए थे।

आज बुधवार को शेयर मार्केट में गर्मी है और वोल्टास के शेयर ठंडे। सेंसेक्स 800 अंक उछलकर 77000 के पार चला गया है। वहीं, मुनाफावसूली के चलते आज यह शेयर करीब 2 प्रतिशत गिरकर 1302.50 रुपये तक आ गया। आज यह 1325 रुपये पर खुलने के बाद एक समय 1335 रुपये पर पहुंचकर लगातार गिरता गया और 1302.50 रुपये के दिन के निचले स्तर को टच कर गया।

81 दिन में 10 लाख AC, टूटा पुराना रिकॉर्ड

कंपनी के अनुसार उसने 81 दिनों में 10 लाख एसी बिक्री का आंकड़ा पार किया है, जो अब तक का सबसे तेज प्रदर्शन है। इससे पहले भी Voltas भारतीय एयर कंडीशनर बाजार में अग्रणी कंपनियों में शामिल रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 में 20 लाख एसी बिक्री का रिकॉर्ड बनाया था।

MD ने बताया सफलता का कारण

Voltas के प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन ने कहा कि यह उपलब्धि ग्राहकों के भरोसे, मजबूत ब्रांड पहचान और देशभर में कंपनी के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की ताकत का परिणाम है। कंपनी ने पिछले एक साल में प्रीमियम, मिड-रेंज और बजट सेगमेंट में कई नए मॉडल लॉन्च किए हैं, जिससे उसकी पहुंच ज्यादा ग्राहकों तक बनी है।

AC बाजार में कंपटीशन तेज

भारतीय रूम एसी बाजार में Voltas के अलावा LG, Daikin, ब्लू स्टार, Hitachi, Panasonic और Lloyd जैसे बड़े ब्रांड मौजूद हैं। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि 2026 में एसी की मांग मजबूत बनी रह सकती है, क्योंकि देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी जारी है। भारत का वार्षिक रूम एसी बाजार फिलहाल 1.25 करोड़ से 1.4 करोड़ यूनिट के बीच आंका जाता है।

आगे क्या होगा?

रिकॉर्ड बिक्री से यह संकेत मिलता है कि Voltas की बाजार हिस्सेदारी मजबूत बनी हुई है। हालांकि निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि कंपनी पूरे वित्त वर्ष में बिक्री की इसी रफ्तार को बनाए रख पाती है या नहीं। विश्लेषकों का मानना है कि मजबूत मांग और उत्पाद पोर्टफोलियो के दम पर कंपनी के लिए FY27 सकारात्मक रह सकता है।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN