Home rss business hindi 8th Pay Commission: ₹6 लाख या ₹15 लाख एरियर? यह एक नंबर...

8th Pay Commission: ₹6 लाख या ₹15 लाख एरियर? यह एक नंबर तय कर सकता है पूरा हिसाब

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • 8वें वेतन आयोग में केंद्रीय कर्मचारियों की नई सैलरी और एरियर का गणित काफी हद तक फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगा
  • 2.57, 2.86 या कर्मचारी संगठनों की ओर से प्रस्तावित 3.833 जैसे अलग-अलग संभावित फिटमेंट फैक्टर के आधार पर सैलरी और एरियर के अनुमान बदल सकते हैं

8th Pay Commission Arrears: केंद्रीय कर्मचारियों की नजर 8वें वेतन आयोग पर टिकी है। नई सैलरी और पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होगी, यह तो अहम सवाल है ही, लेकिन कर्मचारियों के बीच एरियर को लेकर भी चर्चा तेज है। आखिर 8वां वेतन आयोग लागू होने के बाद किसी कर्मचारी को लाखों रुपये का एरियर मिल सकता है या नहीं? इस पूरे गणित में एक आंकड़ा सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है फिटमेंट फैक्टर। यही वह कैलकुलेशन है, जो मौजूदा बेसिक सैलरी को नए वेतन इंफ्रा में बदलने में बड़ी भूमिका निभाएगा। हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि अभी 8वें वेतन आयोग ने न तो फिटमेंट फैक्टर की घोषणा की है और न ही नई सैलरी या एरियर का अंतिम फॉर्मूला तय हुआ है। इसलिए ₹6 लाख या ₹15 लाख जैसे आंकड़े केवल अलग-अलग संभावित मान्यताओं पर आधारित अनुमान हैं।

आखिर क्या होता है फिटमेंट फैक्टर?

फिटमेंट फैक्टर को आसान भाषा में समझें तो यह एक मल्टीप्लायर है। मौजूदा बेसिक पे को इस नंबर से गुणा करके नए वेतन ढांचे में संभावित बेसिक पे का अनुमान लगाया जाता है। 7वें वेतन आयोग के समय भी इसी तरह का बदलाव हुआ था। उससे पहले केंद्रीय कर्मचारियों का न्यूनतम बेसिक पे ₹7,000 था। 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया। इसका नतीजा यह हुआ कि न्यूनतम बेसिक पे (Basic Pay) करीब ₹18,000 हो गया। अब 8वें वेतन आयोग में कर्मचारियों की नई सैलरी और संभावित एरियर के लिए भी फिटमेंट फैक्टर एक अहम भूमिका निभा सकता है।

अगर फिर 2.57 फिटमेंट लागू हुआ तो क्या होगा?

मान लीजिए 8वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) अपनाया जाता है। इस स्थिति में अलग-अलग पे लेवल्स (Pay Levels) की बेसिक सैलरी (Basic Salary) का संभावित गणित कुछ ऐसा हो सकता है।

  • Level 1:- 18,000 का बेसिक पे बढ़कर करीब 46,260
  • Level 6:- 35,400 का बेसिक पे बढ़कर करीब 90,978
  • Level 10:- 56,100 की बेसिक पे बढ़कर करीब 1,44,177

लेकिन यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है। केवल नई और पुरानी बेसिक पे (Basic Pay) के अंतर को सीधे एरियर नहीं माना जा सकता। एरियर का असली हिसाब मौजूदा वेतन संरचना, DA (Dearness Allowance), नई पे मैट्रिक्स (Pay Matrix) और सरकार की ओर से तय प्रभावी तारीख जैसे कई कारकों पर निर्भर करेगा।

DA का एरियर के गणित में क्यों है बड़ा रोल?

वर्तमान वेतन ढांचे में कर्मचारियों को बेसिक पे (Basic Pay) के अलावा DA (Dearness Allowance) मिलता है। नई पे कमीशन (Pay Commission) लागू होने पर पुराने DA की व्यवस्था और उसे नए वेतन ढांचे में समायोजित करने का तरीका एरियर की रकम को प्रभावित कर सकता है।

7वें वेतन आयोग के दौरान भी मौजूदा DA को नए वेतन ढांचे में समायोजित किया गया था और नए ढांचे में DA की गणना नए सिरे से शुरू हुई थी। इसलिए यह मान लेना सही नहीं होगा कि नई बेसिक सैलरी और पुरानी बेसिक सैलरी के बीच का पूरा अंतर कर्मचारी को एरियर के रूप में मिल जाएगा।

₹2 लाख से लाखों तक पहुंच सकता है एरियर

मान लीजिए किसी कर्मचारी की बेसिक पे पूरे साल नहीं बदलती और 2026 के दौरान औसत DA करीब 61.5% रहता है। ऐसी स्थिति में 2.57 के संभावित फिटमेंट के आधार पर अलग-अलग पे लेवल्स (Pay Levels) में एरियर का अनुमान लगाया जा सकता है।

उदाहरण के तौर पर लेवल-1 के ₹18,000 बेसिक पे (Basic Pay) वाले कर्मचारी को 12 महीने की अवधि के लिए करीब ₹2.06 लाख का अनुमानित एरियर मिल सकता है। यह केवल एक संभावित कैलकुलेशन है, वास्तविक रकम आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम फैसले के बाद ही तय होगी।

अगर फिटमेंट 2.86 या उसके आसपास हुआ तो?

कर्मचारी संगठनों की मांग है कि 8वें वेतन आयोग में अधिक फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) रखा जाए। अगर यह 2.57 से ऊपर जाता है, तो बेसिक पे (Basic Pay) के साथ एरियर की संभावित रकम भी बढ़ सकती है।

उदाहरण के लिए 2.86 के आसपास के फिटमेंट फैक्टर की स्थिति में

पे लेवल 2.86 पर रिवाइज्ड बेसिक पे अंतर 12-महीने का एरियर
Level 1 Rs 51,480 Rs 22,410 Rs 2,68,920
Level 6 Rs 1,01,244 Rs 44,073 Rs 5,28,876
Level 10 Rs 1,60,446 Rs 69,844.50 Rs 8,38,134
  • Level 1 की 18,000 बेसिक पे करीब 51,480 तक पहुंच सकती है।
  • Level 6 की 35,400 बेसिक पे करीब 1,01,244 हो सकती है।
  • Level 10 की 56,100 बेसिक पे लगभग 1.60 लाख के आसपास पहुंच सकती है।

जाहिर है, जितना ज्यादा फिटमेंट फैक्टर होगा, संभावित रिवाइज्ड बेसिक पे उतनी ही अधिक हो सकती है। इसका असर एरियर के अनुमान पर भी पड़ सकता है।

3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग क्यों चर्चा में है?

कर्मचारी संगठनों की ओर से 8वें वेतन आयोग के सामने अलग-अलग मांगें रखी गई हैं। NC-JCM (National Council-Joint Consultative Machinery) ने अपने ज्ञापन में न्यूनतम बेसिक पे (Basic Pay) को ₹18,000 से बढ़ाकर ₹69,000 करने की मांग की है। इस मांग के हिसाब से फिटमेंट फैक्टर करीब 3.833 के आसपास बैठता है। अगर भविष्य में इतना फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) स्वीकार किया जाता है, तो उच्च पे लेवल (Pay Level) वाले कर्मचारियों की रिवाइज्ड सैलरी (Revised Salary) और संभावित एरियर में बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

अनुमान के मुताबिक, ऐसी स्थिति में लेवल-10 के कर्मचारी का एरियर करीब ₹15 लाख तक पहुंच सकता है। लेकिन, यहां सबसे जरूरी बात यह है कि 3.833 कोई तय या मंजूर फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) नहीं है। यह कर्मचारी संगठनों की मांग है और अंतिम फैसला 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों तथा केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

पे लेवल 3.833 फिटमेंट पर
रिवाइज्ड बेसिक
अंंतर 12-महीने का एरियर
Level 1 Rs 68,994 Rs 39,924 Rs 4,79,088
Level 6 Rs 1,35,688 Rs 78,517 Rs 9,42,206
Level 10 Rs 2,15,061 Rs 1,24,370 Rs 14,92,438

एरियर मिलेगा या नहीं?

8वें वेतन आयोग का गठन नवंबर 2025 में किया गया था और उसे अपनी सिफारिशें देने के लिए करीब 18 महीने का समय मिला है। रिपोर्ट मई 2027 के आसपास आने की संभावना है। कर्मचारियों के लिए एरियर का सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि सरकार नई सिफारिशों को किस तारीख से लागू करती है। अगर सरकार नए वेतन ढांचे को पिछली तारीख जैसे 1 जनवरी 2026 से प्रभावी करने का फैसला करती है, तो उस अवधि के लिए एरियर का सवाल पैदा हो सकता है। लेकिन यह अभी सरकार की अंतिम घोषणा पर निर्भर करेगा।

कर्मचारियों के लिए क्या है सबसे जरूरी बात?

8वें वेतन आयोग को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न रिपोर्टों में ₹6 लाख से ₹15 लाख तक के एरियर के कई अनुमान सामने आ रहे हैं। लेकिन कर्मचारियों को इन आंकड़ों को अंतिम रकम नहीं मानना चाहिए।

एरियर का वास्तविक हिसाब इन बातों पर निर्भर करेगा:

  • 8वें वेतन आयोग का अंतिम फिटमेंट फैक्टर
  • सरकार की ओर से मंजूर नई पे मैट्रिक्स
  • नई सैलरी की प्रभावी तारीख
  • उस समय का DA और उसका समायोजन
  • कर्मचारी का पे लेवल और बेसिक पे

8वें वेतन आयोग में कर्मचारियों के एरियर का पूरा गणित एक नंबर से काफी हद तक प्रभावित हो सकता है, वह फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) है। यह जितना अधिक होगा, नई बेसिक पे और संभावित एरियर का आंकड़ा उतना बढ़ सकता है। लेकिन, अभी ₹6 लाख या ₹15 लाख जैसी कोई रकम तय नहीं हुई है। अंतिम तस्वीर आयोग की सिफारिशों और केंद्र सरकार के फैसले के बाद ही साफ होगी।

नोट:- इस लेख में दिए गए वेतन और एरियर के आंकड़े संभावित फिटमेंट फैक्टर और अन्य मान्यताओं पर आधारित उदाहरण हैं। इन्हें अंतिम सरकारी घोषणा या गारंटी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN