Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार अमेरिका पहुंच चुके हैं। इशाक डार यहां पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत करेंगे। इस दौरान डायलॉग और डिप्लोमैसी के जरिए पाकिस्तान द्वारा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की कोशिशों पर बात होगी।

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार अमेरिका पहुंच चुके हैं। इशाक डार यहां पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ बातचीत करेंगे। इस दौरान डायलॉग और डिप्लोमैसी के जरिए पाकिस्तान द्वारा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता की कोशिशों पर बात होगी। अमेरिका पहुंचने पर इशाक डार का स्वागत अमेरिका में पाकिस्तानी राजदूत रिजवान सईद शेख ने किया। उनके साथ पाकिस्तानी दूतावास के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। यह यात्रा अमेरिका और ईरान के बीच डील क्लोज होने के बाद हो रही है। हालांकि इस डील पर ईरान की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने कहाकि वह अभी इस पर विचार करेंगे।

बदला गया मीटिंग का टाइम
बताया जाता है कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच एक स्थायी शांति समझौते के लिए बातचीत को सुविधाजनक बनाना है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह मुलाक़ात पहले गुरुवार को होने वाली थी, लेकिन बाद में इसका समय बदल दिया गया। मंत्रालय के अनुसार डार और रुबियो द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बताया कि चर्चाओं का मुख्य केंद्र प्रमुख प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करना होगा, साथ ही बातचीत और कूटनीति के ज़रिए क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के पाकिस्तान के प्रयासों पर भी ध्यान दिया जाएगा।

साझेदारी को गहरा करने का प्रयास
डॉन अखबार के मुताबिक यह दौरा अमेरिका के साथ अपनी लंबे समय से चली आ रही और व्यापक साझेदारी को और गहरा करने के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक संपर्क स्थापित करने के प्रयासों में खुद को एक मध्यस्थ के तौर पर पेश किया है। हाल के हफ्तों में, वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी अमेरिका और ईरान दोनों जगहों के सुरक्षा और राजनीतिक अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए हुए हैं।

अमेरिका और ईरान का रख अभी सख्त
इससे पहले गुरुवार को वाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद, अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे पर नए हमले किए। बैठक के दौरान, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहाकि प्रशासन को उम्मीद है कि अगले कुछ घंटों या दिनों में कोई प्रगति देखने को मिलेगी। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर कूटनीति विफल रहती है तो अन्य विकल्प भी मौजूद हैं।

पाकिस्तान की मध्यस्थता की पहल को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का भी सार्वजनिक समर्थन मिला है। उन्होंने ईद के अवसर पर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से बात की और उम्मीद जताई कि जल्द ही एक ऐसा शांति समझौता हो सकता है जो ईरान के सम्मान और गरिमा को बनाए रखेगा। शरीफ ने कहा कि ऐसा समझौता ईरान की आर्थिक क्षमता को उजागर करने में मदद कर सकता है और पूरे क्षेत्र को व्यापक लाभ पहुंचा सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN