Source :- LIVE HINDUSTAN
Stuffed Karela Recipe: करेले खाना पसंद नहीं है, तो एक बार ये ट्रेडीशनल छाछ वाले भरवां करेले की रेसिपी ट्राई करें। ये इतने टेस्टी बनते हैं कि बच्चे भी शौक से खा लेंगे। करेले का कड़वापन तो बिल्कुल खत्म हो जाता है।
करेले का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों का मुंह बन जाता है। खासकर बच्चों का। ऐसा अमूमन इसलिए क्योंकि करेले का स्वाद कड़वा होता है, जो जाहिर है बहुत से लोगों को पसंद नहीं आता। लेकिन करेले अगर सही तरीके से बनाए जाएं तो यकीन मानिए इसकी सब्जी इतनी टेस्टी बन सकती है कि बच्चे भी शौक से खा लेंगे। छाछ वाले करेले की ये रेसिपी कुछ ऐसी ही है। पारंपरिक तरीके से गांवों में आज भी इसी तरह करेले बनाए जाते हैं। इस तरह ये बिल्कुल भी कड़वे नहीं लगते और इनका स्वाद भी काफी बढ़ जाता है। मसालेदार स्टफिंग के साथ भरवां करेले आप रोटी, पराठे या चावल किसी के साथ भी एंजॉय कर सकते हैं। तो चलिए फटाफट से आज करेले की सब्जी बनाने के ये अनोखा तरीक जान लेते हैं।
छाछ में रात भर भिगोकर रखें करेले
करेले की कड़वाहट बिल्कुल खत्म हो जाए इसके लिए कई लोग छाछ में भिगोकर करेले बनाते हैं। इस रेसिपी के लिए आपको सबसे पहले करेले को धो कर छील लेना है। फिर इन्हें नमक वाली छाछ में भिगोकर कर देना है। इन्हें रातभर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। सुबह तक करेले का सारा कड़वापन खत्म हो जाएगा और करेले हल्के पीले रंग के हो जाएंगे। अब अगले दिन करेले को पानी से धो कर थोड़ी देर के लिए धूप या पंखे के नीचे रख दें, ताकि करेले हल्के से ड्राई हो जाएं। अब इनके बीज निकालकर इन्हें साफ कर लीजिए।
करेले की स्टफिंग बनाने के लिए साम्रगी
भरवां करेले में सबसे जरूरी होती है सही स्टफिंग तैयार करना। इसके लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- सरसों का तेल, जीरा, कटी हुई प्याज, एक कच्चा आम, अदरक लहसुन का पेस्ट, कटी हुई हरी मिर्च, बेसन (1-2 चम्मच), सूखा धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, नमक और कसूरी मेथी।
छाछ वाले भरवां करेले बनाने की विधि
सबसे पहले करेले की स्टफिंग बनाकर तैयार करें। इसके लिए सरसों का तेल गर्म करें, उसमें जीरा डालकर चटका लें। फिर बारीक कटी हुई प्याज, कच्चा आम, अदरक लहसुन का पेस्ट और कटी हुई हरी मिर्च को आधा पका लें। इसके बाद बाइंडिंग के लिए 1-2 चम्मच बेसन डालें और थोड़ा सा पका लें। फिर बेसिक मसाले जैसे सूखा धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, कशमीरी लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर पकाएं। सबसे लास्ट में आप थोड़ी सी कसूरी मेथी एड कर सकते हैं, इससे बहुत अच्छी खुशबू और फ्लेवर आता है।
स्टफिंग भरने से पहले आप करेले को हल्का सा स्टीम कर सकते हैं। स्टीम करने से ये सॉफ्ट हो जाएगा। वहीं अगर आपको करेला थोड़ा सा क्रिस्पी रखना है, तो इसे तेल में हल्का सा फ्राई कर लें। अब इसके अंदर स्टफिंग भर लें। एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें, उसमें भरवां करेले पकने के लिए रख दें। स्टफिंग का मसाला थोड़ा बच गया है, तो उसे भी आप दौरान डाल सकते हैं। एक करेले को ढककर तक तक पकाएं जबतक इनका कलर चेंज ना हो जाए। सब्जी बनकर तैयार है।
(Credit- cooking_story_official)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







