Source :- LIVE HINDUSTAN
प्यार का रिश्ता चाहे 10 साल का हो या 10 महीने का ब्रेकअप होने के बाद दिल में तेज दर्द होता है। इस दर्द में रहते हुए कई बार इंसान गलत कदम उठा लेता है। ऐसे में साइकेट्रिस्ट ने ब्रेकअप से उभरने के 5 आसान तरीके बताए हैं।
प्यार का रिश्ता चाहे 10 साल पुराना हो या सिर्फ 10 महीने का, बिछड़ने का दर्द हर किसी को तकलीफ देता है। यह ऐसा दर्द होता है, जिसे कोई पेनकिलर ठीक नहीं कर सकती। ब्रेकअप के बाद इंसान के दिल और दिमाग के बीच लगातार संघर्ष चलता रहता है और पुरानी यादें बार-बार परेशान करती हैं। कई लोग खुद को अकेला महसूस करने लगते हैं, उनका किसी काम में मन नहीं लगता और वे धीरे-धीरे डिप्रेशन की तरफ बढ़ने लगते हैं। ऐसे समय में खुद को संभालना बेहद जरूरी होता है, ताकि कोई गलत कदम न उठे। अगर आप भी ब्रेकअप के दर्द और एक्स की यादों से परेशान हैं, तो साइकेट्रिस्ट डॉक्टर हरकिशन ममतानी से जानिए इससे बाहर निकलने के 5 आसान तरीके।
क्यों होता है ब्रेकअप के बाद दर्द
साइकेट्रिस्ट्स के मुताबिक, ब्रेकअप के बाद होने वाला दर्द दिल में नहीं होता बल्कि प्यार के दौरान दिमाग में डोपामिन और ऑक्सीटोसिन जैसे फील गुड हार्मोन रिलीज होते हैं, जो खुशी और जुड़ाव का एहसास कराते हैं। लेकिन ब्रेकअप के बाद इन हार्मोन्स का लेवल प्रभावित होता है, जिससे इंसान भावनात्मक दर्द महसूस करता है। यही वजह है कि कई लोगों को एक्स की यादें बार-बार सताती हैं, नींद नहीं आती और किसी काम में मन नहीं लगता।
ब्रेकअप के दर्द से उभरने के 5 तरीके
डॉक्टर ममतानी का कहना है कि कुछ तरीके हैं, जिन्हें अगर आप अपनाते हैं तो ब्रेकअप के दर्द से बाहर निकल सकते हैं। तो चलिए यहां जानते हैं इस दर्द से राहत पाने के लिए क्या करना चाहिए।
1- इमोशन्स को अपनाएं
सबसे पहले तो अपने इमोशन्स को एक्सेप्ट करें। ये ना कहें कि मैं बहुत स्ट्रॉन्ग हूं तो रोऊंगी नहीं या रोऊंगा नहीं। अगर आपको रोना आ रहा है, तो रो लीजिए और एक बार में अपने इमोशन्स को जाहिर कर दें। ऐसा करने से मन हल्का होता है और दुख बाहर निकलता है। आप अकेले में रो सकते हैं या फिर किसी दोस्त के आगे भी, जिसके साथ भी आप कंफर्टेबल हो।
2- ट्रिगर्स से दूर रहें
ट्रिगर्स से मतलब है कि एक्स की पुरानी तस्वीरें, वीडियो को डिलीट कर दें, अगर फोन में हैं तो उन्हें रोज देखने की गलती न करें। एक्स के सोशल मीडिया को प्रोफाइल को स्टॉक करना बिल्कुल बंद कर दें। इससे आपका ब्रेन बार-बार रिवाइंड मोड में नहीं जाएगा और स्ट्रेस नहीं बढ़ेगा।
3- मन और शरीर को व्यस्त रखें
ब्रेकअप के बाद खुद को खाली होने का समय न दें, तो आपके लिए अच्छा रहेगा। अपने शरीर और मन को थोड़ा व्यस्त रखने की कोशिश करें, इसके लिए आप योगा, वॉक कर सकते हैं या फिर कोई नई स्किल सीख सकते हैं। वर्कआउट करें और खुद की बॉडी बनाएं। ऐसा कहा जाता है कि वर्कआउट करने से ब्रेकअप का पेन जल्दी खत्म होता है।
4- सपोर्ट सिस्टम के साथ रहें
आपकी लाइफ में जो भी सपोर्ट सिस्टम हो जैसे दोस्त, परिवार, कजिन्स, भाई या बहन। उनके साथ रहें और उनसे इस बारे में बात करें। इस फेज में अकेले रहने से दुख बढ़ेगा और ऐसे में आप डिप्रेशन का शिकार हो सकते हैं।
5- नई रुचि जगाएं
ब्रेकअप के दर्द से निकलने और खुद को एक्सप्लोर करने का सबसे अच्छा तरीका है नई रुचि जगाएं। जैसे पेंटिंग, राइटिंग करें या फिर घूमने जाएं और नई जगहों को देखें। ट्रेकिंग, राइडिंग करें, इन चीजों से मन हल्का होगा और दिल को सुकून मिलेगा। ऐसे में आप खुद को समझ सकेंगे और दर्द से राहत मिलेगी।
खास सलाह- अगर आपको एंग्जायटी, दुख, सैडनेस ज्यादा हो रही है और इसकी वजह से आपको नींद नहीं आ रही, भूख नहीं लग रही है। आपके काम पर इसका असर हो रहा है, आप खोए रहते हैं, तो फौरन अच्छे साइकेट्रिस्ट से मिलें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






