Source :- LIVE HINDUSTAN

चेहरे पर ग्लो लाने के लिए लोग क्या कुछ नहीं करते हैं, लेकिन क्या आपने कभी चिया सीड्स वाला फेसपैक ट्राई किया है। ब्यूटी कंटेंट क्रिएटर ने इस पैक के बारे में बताया है और उनका कहना है कि इससे आपको इंस्टेंट ग्लो मिलेगा।

Skin Care Tips: स्किन केयर की बात होती है, तो लड़कियां पार्लर जाकर महंगे फेशियल या क्लीनअप करा लेती हैं। इन फेशियल या क्लीनअप का असर कुछ ही दिनों तक रहता है और फिर उसके बाद चेहरा वैसे ही दिखने लगता है। अगर आपको पार्लर जैसा निखार घर पर ही मिलने लगे, तो कैसा रहेगा? अब आप सोच रही होंगी कि हम फिर से कोई पुराना घरेलू नुस्खा लेकर आ गए हैं। जी नहीं, आज हम आपको जिस फेसपैक के बारे में बताने जा रहे हैं, उसे लगाने के 20 मिनट बाद ही आपके चेहरे पर निखार दिखने लगेगा। इस फेसपैक को लगाने से डलनेस, टैनिंग की समस्या भी खत्म हो जाएगी। कंटेंट क्रिएटर प्रभजोत कौर अपने इंस्टाग्राम पर कई डीआईवाई ब्यूटी टिप्स शेयर करती रहती हैं, अब उन्होंने घर पर ही डायमंड फेशियल ग्लो पाने का तरीका बताया है।

स्किन के लिए चिया सीड्स

सबसे पहले तो आप त्वचा के लिए चिया सीड्स के फायदे जान लीजिए। चिया सीड्स सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है, लेकिन त्वचा के लिए ये वरदान माना जाता है। चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट और जिंक होता है, जो त्वचा को अंदर से हाइड्रेट और जवां बनाने में मदद करता है। चिया सीड्स से बना फेस पैक लगाने से त्वचा पर इंस्टेंट ग्लो मिलेगा।

चिया सीड्स में क्या-क्या मिलाएं

  • चावल- त्वचा को नैचुरल ब्राइटनेस देने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स स्किन को सॉफ्ट और ग्लोइंग बनाने में सहायक होते हैं।
  • बादाम- विटामिन E से भरपूर होता है, जो त्वचा को पोषण देकर ड्रायनेस कम करने और नेचुरल ग्लो बढ़ाने में मदद करता है।
  • ओट्स- स्किन को शांत और साफ रखने में मदद करता है। यह डेड स्किन हटाकर त्वचा को मुलायम और फ्रेश बनाता है।
  • कच्चा दूध- कच्चे दूध में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा की गंदगी और टैन हटाने में मदद करता है, जिससे चेहरा साफ और चमकदार दिखता है।

पेस्ट कैसे तैयार करें

1 चम्मच चिया सीड्स में 1 चम्मच चावल, 1 चम्मच ओट्स, 2-4 बादाम, आधा कप कच्चा दूध मिलाना होगा। इन सभी चीजों को एक कटोरी में डालकर रातभर के लिए भिगोकर रख दें। सुबह आप देखेंगे कि सभी चीजें अच्छे से फूल गई है। सभी फूली हुई चीजों को मिक्सर में डालकर फाइन पेस्ट बना लें।

लगाने का सही तरीका

अब इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं और 2-3 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। इसके बाद इसे करीब 20 मिनट तक सूखने दें। फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। इससे चेहरे पर नेचुरल ग्लो नजर आ सकता है, साथ ही टैनिंग और डलनेस कम दिखने लगती है। यह स्किन को साफ और फ्रेश महसूस कराने में भी मदद करता है।

नोट- इस फेसपैक को आप हफ्ते में 2-3 बार लगा सकती हैं। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या कोई एलर्जी तो फेसपैक को लगाने से पहले पैच टेस्ट कर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN