Source :- LIVE HINDUSTAN

ITR (Income Tax Return) फाइल करना केवल टैक्स नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है। यह लोन से लेकर कई देशों के वीजा आवेदन में महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में काम आता है। आइए इसके नुकसान और फायदे के बारे में जरा विस्तार से जानते हैं।

देश में फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने का सीजन शुरू हो चुका है। हर साल करोड़ों लोग ITR फाइल करते हैं, लेकिन अधिकांश लोग इसे सिर्फ टैक्स नियमों का पालन करने या जुर्माने से बचने का जरिया मानते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि ITR केवल टैक्स जमा करने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह आपकी वित्तीय पहचान और विश्वसनीयता का एक मजबूत प्रमाण भी है। चाहे आप नौकरीपेशा कर्मचारी हों, फ्रीलांसर, कारोबारी या रिटायर्ड व्यक्ति, समय पर ITR दाखिल करना आपके लिए कई तरह से फायदेमंद साबित हो सकता है। कई ऐसे अवसर आते हैं, जहां ITR आपकी आर्थिक स्थिति को साबित करने वाला सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन जाता है।

1- लोन मिलने की संभावना

अगर आप भविष्य में होम लोन, पर्सनल लोन, कार लोन या बिजनेस लोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो ITR आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बैंक और वित्तीय संस्थान लोन मंजूर करने से पहले आपकी आय और भुगतान क्षमता का आकलन करते हैं। ITR यह दर्शाता है कि आपकी आय नियमित है और आप अपनी वित्तीय जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम हैं। लगातार कई सालों का ITR रिकॉर्ड होने पर बैंक का भरोसा बढ़ता है और लोन स्वीकृत होने की संभावना भी मजबूत हो जाती है।

2- टैक्स रिफंड पाने के लिए जरूरी

कई बार कर्मचारियों या अन्य करदाताओं के वेतन और आय से जरूरत से ज्यादा TDS (Tax Deducted at Source) कट जाता है। अगर आपने निर्धारित राशि से अधिक टैक्स जमा किया है, तो उसका रिफंड पाने के लिए ITR दाखिल करना अनिवार्य है। अगर आप रिटर्न फाइल नहीं करते हैं, तो अतिरिक्त कटा हुआ टैक्स वापस नहीं मिल पाएगा। इसलिए, टैक्स रिफंड प्राप्त करने के लिए समय पर ITR भरना जरूरी है।

3- आय का आधिकारिक प्रमाण

आज के समय में आय का प्रमाण कई जगह मांगा जाता है। खासकर फ्रीलांसर, स्वरोजगार करने वाले लोग और छोटे व्यवसायी अक्सर सैलरी स्लिप नहीं दिखा सकते। ऐसे में ITR एक आधिकारिक आय प्रमाण पत्र की तरह काम करता है। इसमें आपकी कुल वार्षिक आय, टैक्स भुगतान और वित्तीय स्थिति की पूरी जानकारी दर्ज होती है, जिसे विभिन्न संस्थान मान्यता देते हैं।

4- शेयर बाजार और प्रॉपर्टी में हुए नुकसान का लाभ

अगर आपको शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी या बिजनेस में नुकसान हुआ है, तो ITR फाइल करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। आयकर नियमों के अनुसार समय पर ITR दाखिल करने पर आप इन नुकसानों को अगले सालों में कैरी फॉरवर्ड कर सकते हैं। भविष्य में होने वाले मुनाफे के खिलाफ इन्हें समायोजित करके टैक्स देनदारी कम की जा सकती है। यह निवेशकों और कारोबारियों के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकता है।

5- विदेश यात्रा और वीजा में मदद

कई देशों के दूतावास और वीजा अधिकारी वीजा आवेदन के दौरान पिछले कुछ सालों के ITR की मांग करते हैं। इससे उन्हें यह समझने में मदद मिलती है कि आवेदक की आय का स्रोत स्थिर है और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत है। अमेरिका, कनाडा, यूरोप और कई अन्य देशों के वीजा आवेदन में ITR एक महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जाता है। नियमित रूप से ITR भरने वाले लोगों को वीजा प्रक्रिया में अक्सर सुविधा मिलती है।

केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं

ITR दाखिल करना केवल सरकार को टैक्स की जानकारी देने तक सीमित नहीं है। यह आपकी वित्तीय विश्वसनीयता, आय का रिकॉर्ड, टैक्स रिफंड, निवेश लाभ और अंतरराष्ट्रीय यात्रा जैसी कई जरूरतों में काम आता है। इसलिए अगर आपकी आय टैक्सेबल है या आप भविष्य में किसी भी वित्तीय सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं, तो समय पर और सही तरीके से ITR फाइल करना एक समझदारी भरा कदम हो सकता है। आने वाले सालों में यही दस्तावेज आपकी आर्थिक पहचान का सबसे मजबूत आधार बन सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN