Source :- LIVE HINDUSTAN

Dhaba Style Rabri Chai: ढाबे वाली रबड़ी चाय खूब टेस्टी और क्रीमी होती है। ठीक ऐसी चाय आप घर पर भी बना सकते हैं, बस ये 3 टिप्स आपको ध्यान में रखनी हैं। बिना किसी मिल्क पाउडर के चाय एकदम गाढ़ी और स्वादिष्ट बनेगी।

चाय के शौकीनों को दिन में एक कप अच्छी चाय पीने को मिल जाए तो मानों उनका दिन सफल हो जाता है। उसमें भी चाय अगर गाढ़ी दूध वाली हो, तब तो कहना ही क्या। अगर आप भी ऐसी ही दूधवाली क्रीमी और टेस्टी चाय पीना पसंद करते हैं, तो एक बार रबड़ी चाय आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। रबड़ी चाय इतनी गाढ़ी और मलाईदार बनती है कि पी कर मजा आ जाता है। नॉर्मल चाय से अलग हटकर कुछ ट्राई करना चाहते हैं तो एक बार ये वाली चाय जरूर बनाकर ट्राई करें। इसका स्वाद आपकी रोज वाली चाय से थोड़ा अलग, क्रीमी और काफी रिच होता है। यहां हम आपके लिए कुछ टिप्स ले कर आए हैं, जिन्हें अगर आप ध्यान में रखें तो घर पर स्पेशल रबड़ी वाली चाय बनाकर तैयार कर सकते हैं। यकीन मानिए आपको फिर दोबारा चाय से प्यार हो जाएगा।

हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें

ढाबा स्टाइल रबड़ी चाय बनाने के लिए हमेशा गाढ़े यानी फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल किया जाता है। दूध जितना गाढ़ा होगा, चाय भी उतनी ही क्रीमी और रिच बनती है। अगर आप पतला दूध लेंगे तो चाय में वो गाढ़ा टेक्चर नहीं आएगा और इसे काफी देर तक भी पकाना पड़ेगा। इसलिए हमेशा गाढ़ा दूध या पैकेट वाला फुल क्रीम दूध ही रबड़ी चाय बनाने के लिए इस्तेमाल करें।

कितने कप चाय के लिए कितना कप दूध लगेगा?

रबड़ी चाय बनाने के लिए दूध को ज्यादा देर पकाकर गाढ़ा करना होता है। इसलिए दूध नॉर्मल चाय से थोड़ा ज्यादा ही लगता है। उदाहरण के लिए अगर आप तीन कप चाय बनाने वाले हैं तो लगभग 5 कप दूध इस्तेमाल करें। बिना पानी मिलाए इसे उबालने रख दें, एक बॉयल आते ही इसमें 3-4 हरी इलायची एड करें। फिर इसे तब तक उबालने दें, जब तक दूध सिर्फ 3 कप नहीं बच जाता।

काम की टिप: जब दूध गाढ़ा होने लगे तो उसे लगातार चलाते रहना जरूरी है। गाढ़ा हो कर दूध बर्तन में चिपकना शुरू हो जाता है। इसलिए इसे मीडियम टू लो फ्लेम पर चलाते हुए पका लें।

चीनी और चायपत्ती कब एड करें?

रबड़ी चाय में चीनी और चायपत्ती शुरुआत में नहीं डाले जाते हैं। जब दूध पककर एकदम गाढ़ा होने लगे, तब आप इसमें स्वादनुसार चीनी, चायपत्ती और कद्दूकस किया हुआ अदरक मिला सकते हैं। आपको अगर दालचीनी या लौंग जैसे बाकी मसाले चाय में एड करने हैं, तो इसी स्टेज पर आप उन्हें मिला सकती हैं। इसके बाद चाय को लगातार चलाते हुए 3-4 मिनट के लिए और पका लें। बिल्कुल गाढ़ी और मलाईदार सी चाय बनकर तैयार होगी, जिसका स्वाद बिल्कुल रबड़ी जैसा लगता है।

स्वाद की टिप: रबड़ी चाय पर बादाम के कटे हुए कतरे डालकर गार्निश करें। क्रीमी और रिच टेस्ट वाली रबड़ी चाय के साथ इनका कॉम्बिनेशन और भी स्वाद बढ़ाने वाला होता है।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN