Source :- LIVE HINDUSTAN
वैसे तो खाना बनाने में कम ही समय लगता है लेकिन जब मन ना हो और समय सीमित हो तो लगता है कि फटाफट बनने वाली चीजों को तैयार कर लें। ऐसे में आप यूपी स्टाइल तहरी की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। ये स्वाद में काफी अच्छी लगती है। जब आप रोजाना के खाने को खाकर ऊब जाएं तो लंच या डिनर में इसे बनाकर तैयार कर लें। यूपी के घरों में तहरी सालों से बनाई जा रही है। अक्सर लोग तहरी और पुलाव को एक ही समझ लेते हैं क्योंकि दोनों ही चावल और सब्जियों को मिलाकर बनाए जाते हैं। लेकिन इन दोनों के बीच एक बहुत ही स्पष्ट और दिलचस्प फर्क है। ये फर्क मसालों का है। तहरी की सबसे बड़ी पहचान इसका चटक पीला रंग है। इसमें हल्दी का इस्तेमाल काफी ज्यादा मात्रा में किया जाता है। वहीं पारंपरिक पुलाव में हल्दी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया जाता और इसका रंग आमतौर पर सफेद या हल्का ऑफ-व्हाइट होता है।
यूपी स्टाइल तहरी बनाने की सामग्री
दो कप बासमती चावल, दो बड़े आलू, एक कप हरी मटर, एक बड़ा प्याज, 2 मीडियम टमाटर, 2से3 हरी मिर्च, एक बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, तीन बड़े चम्मच सरसों का तेल, एक छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, आध छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर, नमक स्वादानुसार, बारीक कटा हुआ हरा धनिया, एक छोटा चम्मच जीरा, एक तेजपत्ता, एक या दो , एक छोटा टुकड़ा दालचीनी, तीन से चार लौंग, 5 से 6 काली मिर्च के दाने, एक बड़ी इलाइची, 1 चुटकी हींग।
यूपी स्टाइल तहरी बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले सब्जियों को धोकर छील लें और लंबाई में काट लें और चावल को भी धोकर कम से कम 20 मिनट के लिए भिगो दें। अब कढ़ाई में सरसों का तेल गरम करें। तेल गरम होने पर हींग और सारे खड़े मसाले जीरा, तेजपत्ता, लौंग, काली मिर्च, इलाइची, दालचीनी डालें और चटकने दें। अब इसमें कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालें। प्याज को हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर 1 मिनट के लिए भूनें ताकि कच्चापन निकल जाए। अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और सॉफ्ट होने तक पकाएं। इसके पकने के बाद हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। मसालों को तब तक भूनें जब तक कि तेल अलग न होने लगे। इसमें कटे हुए आलू और हरी मटर डालें। सब्जियों को मसाले के साथ 2-3 मिनट तक अच्छे से भूनें और फिर भिगोए हुए चावलों का पानी छानकर कढ़ाई में डाल दें। हल्के हाथों से मिलाएं और साथ ही गरम मसाला पाउडर डाल दें। कुछ देर के लिए चावल को भी सब्जियों के साथ भून लें। फिर इसमें चार कप पानी डालें। अब प्लेट से ढक दें और धीमी आंच पर चावल को पकाएं। चावल पकने के बाद ऊपर से एक चम्मच देसी घी और बारीक कटा हरा धनिया डालें। चटनी या रायते के साथ सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





