Source :- LIVE HINDUSTAN
IRCTC ने 3 करोड़ से ज्यादा संदिग्ध यूजर IDs को ब्लॉक कर दिया है। IRCTC के इस कदम से Tatkal टिकट बुकिंग में आसानी होगी और टिकट मिलने की संभावना भी पहले से ज्यादा बढ़ सकती है।
रेलवे से रोजाना करोड़ों लोग सफर करते हैं और ज्यादातर लोग ऑनलाइन टिकट बुकिंग करते हैं। लेकिन अब यात्रियों की शिकायत रहती है कि Tatkal टिकट खुलते ही कुछ सेकंड में खत्म हो जाते हैं। फर्जी अकाउंट, बॉट्स और टिकट माफिया सिस्टम का गलत फायदा उठाकर बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते हैं, जिससे आम यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाता। अब इस समस्या से निपटने के लिए IRCTC ने बड़ा कदम उठाया है। IRCTC ने साल 2025-26 के दौरान 3.03 करोड़ संदिग्ध यूजर IDs को बंद कर दिया है। अब 3 करोड़ संदिग्ध IDs को ब्लॉक करने और निगरानी बढ़ाने के बाद उम्मीद की जा रही है कि असली यात्रियों को Tatkal टिकट बुक करने का बेहतर मौका मिलेगा और टिकटों की कालाबाजारी पर भी लगाम लगेगी।
इसके साथ ही 6 करोड़ से ज्यादा अकाउंट्स की दोबारा चेकिंग शुरू की गई है ताकि प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल रोका जा सके। रेलवे का कहना है कि इन कदमों का मकसद असली यात्रियों को टिकट बुकिंग में बेहतर मौका देना और ऑनलाइन सिस्टम को अधिक सुरक्षित बनाना है।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी नए रिकॉर्ड
सिर्फ यूजर IDs ही नहीं, बल्कि IRCTC ने फर्जी कामों से जुड़े 13,343 संदिग्ध ईमेल डोमेन को भी ब्लॉक किया है। जहां एक ओर IRCTC ने फर्जी अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई की, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन टिकट बुकिंग में भी नए रिकॉर्ड बनाए। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार साल 2025-26 में हर दिन औसतन 14.53 लाख टिकट बुक हुए।
AskDisha चैटबॉट से हुए लाखों टिकट बुक
IRCTC का AI आधारित चैटबॉट AskDisha यह चैटबॉट टिकट बुकिंग, PNR स्टेटस, टिकट कैंसिलेशन और रिफंड जैसी सेवाओं में मदद करता है। यह हिंदी, अंग्रेजी और हिंग्लिश भाषा को समझता है। वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 8.12 लाख ई-टिकट AskDisha के जरिए बुक किए गए।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







