Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/05/1200x900/gullak_review_05_06_1780640680994_1780640688274_7799145f-54be-44f1-b762-96f367c21811.png

Gullak 5 Review: गुल्लक से सीजन 5 के दो एपिसोड रिलीज हो गए हैं। हर हफ्ते दो नए एपिसोड रिलीज किए जाएंगे। गुल्लक अपनी पुरानी अदा के साथ वापस लौटा है, लेकिन पुराने वाले अन्नू भैया की कमी आपको खल सकती है। 

साल 2019 में शुरू हुआ गुल्लक आज भारत के मोस्ट पॉपुलर और सबसे पसंद किए जानेवाले शोज में शामिल हो गया है। इस शो के अबतक चार पूरे सीजन हो चुके हैं। वहीं, 5वें सीजन के पहले दो एपिसोड आज यानी 05 जून को रिलीज कर दिए गए हैं। मिश्रा परिवार की घर की कहानी एक बार फिर आपके दिलों में उतरने को तैयार है। मिश्रा निवास में पुताई हुई है। अब ये पुताई क्या-क्या रंग लाएगी ये देखना दिलचस्प होगा।

पहले एपिसोड में क्या-क्या?

पहले एपिसोड का नाम पुताई है। एपिसोड की शुरुआत अन्नू की मम्मी के एसी वाले कमरे से होती है जहां संतोष मिश्रा, अन्नू मिश्रा और शांति मिश्रा सो रहे होते हैं। अमन पढ़ाई करने के लिए कॉलेज जा चुका है। संतोष मिश्रा ने घर में पुताई का काम चालू करवाया है। वो पुताई वालों को अपने सवालों से परेशान करते भी नजर आते हैं। इधर अन्नू मिश्रा घर पर बैठे मीटिंग अटेंड कर रहे हैं। जैसा कि किसी मिडिल क्लास में होता है, मीटिंग के दौरान शांति मिश्रा और संतोष मिश्रा की बहस छिड़ जाती है और अन्नू मिश्रा घर औ मीटिंग दोनों की बातों में दिलचस्पी लेते नजर आते हैं।

मम्मी पापा को सरप्राइज करने के लिए अमन मिश्रा भी अपने घर में आ धमकते हैं। अमन मिश्रा ज्योतिष विद्या में दिलचस्पी लेने लगे हैं। अमन मिश्रा कॉलेज से घर क्यों आए हैं, इसमें किसी राज की बू आ रही है। वहीं, अमन अपने घरवालों से अपनी ज्योतिष विद्या की दिलचस्पी वाली बात भी छिपाए रखने की कोशिश में हैं। पहले ही एपिसोड में मिश्रा परिवार की फेवरेट गुल्लक की जगह भी बदल दी हई है, क्योंकि अब घर में वाईफाई लग गया है। वाईफाई कौन लगाया है, ये जानकर आपको सीजन 1 की याद आ जाएगी।

दूसरे एपिसोड में क्या-क्या?

दूसरे एपिसोड का नाम नकली पनीर है। बिट्टू की मम्मी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने की शौकीन हो गई हैं। वो हर वक्त हाथ में कैमरा और स्टिक लिए नजर आती हैं। बिट्टू की मम्मी के इस नए फितूर के बीच मिश्रा परिवार में पिंकी मामा दस्तक देते हैं। बिट्टू की मम्मी और पिंकी मामा का आमना-सामना आपको हंसाएगा।

पिंकी मामा मिश्रा जी के लिए पनीर लेकर आए हैं। संतोष मिश्रा पनीर खा ही रहे होते हैं कि बिट्टू की मम्मी कहती हैं कि ये पनीर नकली है। बिट्टू की मां की इतनी सी बात पर पिंकी और संतोष के बीच प्यार भरी नोकझोक शुरू हो जाती है।

इधर अन्नू भैया के कभी बॉस रहे शशि रंजन अब उनके कॉम्पटीटर बन गए हैं। अन्नू भैया के सामने रीजनल मैनेजर बनने की रेस है। अब क्या उन्हें प्रमोशन मिलेगा या उन्हें कोई झटका लगेगा। पिंकी मामा बच्चों के बारे में कुछ ऐसी बातें संतोष और शांति मिश्रा को बताते हैं जो उन्हें नहीं पता होती हैं। ऐसे में शांति मिश्रा को चिंता होने लगी है कि अब उनके बच्चे कुछ भी उन्हें बताना जरूरी नहीं समझते हैं।

पुराने सीजन की आएगी याद

पहले ही एपिसोड में अनम का सामना होगा केबल वाले रवि से। अगर आपको पहला सीजन याद होगा तो उसमें आपको याद होगा कि अन्नू भैया ने कहानी सुनाई थी कि कैसे केबल वाला रवि कमेटी की पैसे लेकर भाग गया है। अब आप उस केबल वाले रवि को भी देखेंगे। रवि और अमन का आमना-सामना आपको हंसाने वाला है।

वहीं, आपको पिछले सीजन का वो एपिसोड तो याद ही होगा जहां पिंका मामा अपनी बेटी की शादी का कार्ड भेजते हैं और उसपर सपरिवार नहीं लिखा होता है। इस बात से संतोष मिश्रा मुंह बना लेते हैं। इस सीजन में संतोष मिश्रा पहला मौका पाते ही पिंकी मामा पर सपरिवार वाला तंज कसते हैं।

अगर पिछले सीजन्स से तुलना करें तो ये सीजन थोड़ा फीका लग सकता है। मिश्रा परिवार में वही पुरानी वाली बात तो है, लेकिन इस सीजन में कुछ ऐसी चीजों पर बात हुई है जो ऐसा लगता है कि सोशल मीडिया की दुनिया से उठाकर आपको परोस दिए गए हैं। पहले एपिसोड में बिट्टू की मम्मी कहती हैं कि वो फेमस हो जाएंगी तो वो हिरोइनों को हीरो के बराबर पैसे दिलवाने और 8 घंटे की शिफ्ट वाली बात कहती हैं। ये ऐसे टॉपिक हैं जिसकी अक्सर सोशल मीडिया पर बात होती है। दीपिका पादुकोण की फिल्म छोड़ने के बाद 8 घंटे शिफ्ट वाली बहस सोशल मीडिया पर काफी तेज हुई थी।

वहीं, आपको वो भी याद होगा जब सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे थे जहां सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स अलग-अलग रेस्तरां जाकर पनीर पर आयोडीन डालकर ये चेक करते थे कि पनीर असली या नकली। इस सीजन बिट्टू की मम्मी भी वहीं करती दिखाई पड़ीं।

खलेगी अन्नू भैया की कमी

इस सीजन में अन्नू भैया का किरदार वैभव राज की जगह अनंत जोशी निभा रहे हैं। अन्नू भैया के किरदार में आपने वैभव राज गुप्ता को चार सीजन में देखा है, इसलिए आपको इस सीजन उनकी थोड़ी कमी खलेगी जरूर। अनंत जोशी ने पूरी कोशिश है कि पुराने अन्नू भैया की कमी किसी को खले नहीं, लेकिन आप पाएंगे कि आपको वो कमी खलेगी ही।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN