Source :- LIVE HINDUSTAN
Healthy Eating Habits: अगर आप मांसाहारी भोजन खाते हैं, तो सिर्फ क्या खाना है यह जानना काफी नहीं है। कुछ चीजें ऐसी भी हैं जिन्हें नॉन वेज फूड के तुरंत बाद खाने से पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं।
कई बार हम खाने के स्वाद पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन यह भूल जाते हैं कि कौन-सी चीज किसके साथ खानी चाहिए। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं जो अलग-अलग तो शरीर के लिए फायदेमंद हो सकते हैं, लेकिन साथ में या बहुत कम अंतराल पर खाने से परेशानी पैदा कर सकते हैं। खासकर मांसाहारी भोजन के बाद कुछ चीजें खाने से पाचन की प्रक्रिया धीमी हो सकती है।
इससे पेट भारी लगना, गैस बनना, खट्टी डकारें आना या थकान महसूस होना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अगर आप अक्सर मांसाहारी भोजन खाते हैं और खाने के बाद पेट से जुड़ी समस्या होने लगती है, तो यह जानना जरूरी है कि किन चीजों से थोड़ी दूरी बनाकर रखना चाहिए।
- दूध और दूध से बनी चीजें
मांसाहारी भोजन के तुरंत बाद दूध, दही, पनीर या अन्य दूध से बनी चीजें खाने से बचना चाहिए। माना जाता है कि दोनों तरह के भोजन को पचाने में शरीर को अलग-अलग समय लगता है। ऐसे में पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इस वजह से कुछ लोगों को पेट भारी लगना, गैस बनना या असहजता महसूस हो सकती है।
2. मछली और अन्य समुद्री भोजन
अगर आपने चिकन खाया है, तो उसके साथ या तुरंत बाद मछली और अन्य सी फूड (Sea food) खाने से बचना चाहिए। दोनों में भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है और इन्हें पचाने के लिए शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। इससे कुछ लोगों को पेट संबंधी परेशानी हो सकती है।
3. तरबूज और खट्टे फल
मांसाहारी भोजन के तुरंत बाद तरबूज, संतरा, नींबू या अन्य खट्टे फल खाने की सलाह नहीं दी जाती। ऐसा माना जाता है कि इनका असर पाचन प्रक्रिया पर पड़ सकता है। इससे कुछ लोगों को पेट में जलन, गैस या बेचैनी महसूस हो सकती है। बेहतर होगा कि फल खाने के लिए कम से कम एक से दो घंटे का अंतर रखें।
4. ठंडे पेय और बर्फ वाले पेय
कई लोगों को मांसाहारी भोजन के बाद कुछ ठंडा पीने की आदत होती है लेकिन यह आदत पाचन को धीमा कर सकती है। बहुत ठंडे पेय पदार्थ भोजन को जल्दी पचने नहीं देते जिससे पेट फूलना, गैस बनना और भारीपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
क्यों जरूरी है सही मेल का ध्यान रखना?
भोजन सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं होता, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण देने का काम भी करता है। अगर खाने का मेल सही नहीं होगा, तो शरीर पोषक तत्वों का पूरा लाभ नहीं उठा पाएगा। इसी वजह से भोजन के सही मेल पर ध्यान देना भी उतना ही जरूरी है जितना पौष्टिक भोजन खाना।
नोट: मांसाहारी भोजन के बाद कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने पाचन को बेहतर बनाए रख सकते हैं। इसके अलावा किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







