Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान किया.
इस टीम में युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को जगह दी गई है, जो पहली बार भारत की सीनियर टी-20 टीम का हिस्सा बने हैं. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के 19वें सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाए थे.
इस टीम में भारत को पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं दी गई है. श्रेयस अय्यर अब टी-20 टीम की अगुवाई करते हुए नज़र आएंगे.
लेकिन टीम के चयन को लेकर कई तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं और कई अहम खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं दिए जाने पर क्रिकेट फ़ैन्स हैरान हैं.
आईसीसी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “आगामी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ के लिए टीम की घोषणा के साथ ही, वैभव सूर्यवंशी पुरुषों की क्रिकेट में भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं.”
वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में ख़त्म हुए आईपीएल के 19वें सीज़न में 16 मैचों में पांच अर्धशतक और एक शतक के साथ 776 रन बनाए. उनका औसत 48 से ज़्यादा रहा और उन्होंने क़रीब 240 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की.
हरभजन सिंह ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
शनिवार को भारतीय टीम की घोषणा चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में की.
इस टीम में तिलक वर्मा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है. वहीं हार्दिक पंड्या तीनों ही टूर्नामेंट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे.
लेकिन सबसे ज़्यादा सवाल रजत पाटीदार को टीम में जगह नहीं दिए जाने पर उठाए जा रहे हैं.
भारतीट क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज़ हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “भारतीय टीम में रजत पाटीदार का न होना दुखद है. उन्हें और क्या करने की ज़रूरत है? उन्होंने 501 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 200 है. यह नाइंसाफ़ी है.”
हरभजन सिंह का मानना है कि रजत पाटीदार बिना किसी संदेह के मिडिल ऑर्डर के लिए भारत में सबसे अच्छी तकनीक वाले और बेहतरीन स्ट्राइकर हैं.
रजत पाटीदार ने आईपीएल के 19वें सीज़न में 15 मैचों में 5 अर्धशतक के साथ 501 रन बनाए. उन्होंने क़रीब 193 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की और उनका औसत क़रीब 42 रहा.
इस टूर्नामेंट में उन्होंने 42 छक्के और 30 चौके लगाए.
क्रिकेट फ़ैंस का क्या कहना है?
इमेज स्रोत, Getty Images
टीम में रजत पाटीदार का चयन न होने पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी है.
मोहसिन कमाल लिखते हैं, “रजत पाटीदार को किसी एक टी-20 टीम में शामिल किया जाना चाहिए था. उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए उन्हें इनाम मिलना चाहिए. उन्होंने आईपीएल में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है.”
खेल पत्रकार जीएस विवेक लिखते हैं, “मैं श्रेयस और वैभव के बारे में लिए गए फ़ैसले को तो समझता हूँ, लेकिन रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को टीम से बाहर करने के पीछे क्या वजह है?”
“केकेआर ने जिस तरह से रिंकू को हैंडल किया, उससे उनका करियर बर्बाद हो गया. वहीं, मुझे लगता है कि कुलदीप का टी-20 करियर भी अब ख़त्म हो गया है, क्योंकि सेलेक्टर्स ने बिश्नोई को उनकी तेज़ लेग-ब्रेक गेंदबाज़ी के लिए चुना है.”
वहीं एक अन्य खेल पत्रकार राहुल रावत ने लिखा, “एशियाई खेलों के लिए पूरी मज़बूती वाली टीम चुनी गई है, लेकिन इसमें हार्दिक पंड्या शामिल नहीं हैं. शायद चयनकर्ता और टीम मैनेजमेंट बैकअप विकल्प पर विचार कर रहे हैं और चाहते हैं कि नितीश रेड्डी को खेलने का पर्याप्त मौका मिले.”
हालांकि शनिवार को बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा कि “हार्दिक पंड्या सीओई (सेंटर ऑफ़ एक्सिलेंस) बेंगलुरु में हैं. वह एक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुज़र रहे हैं.”
“वह जल्द ही फ़ाइनल टेस्ट के लिए जाएंगे, और वह क्लियरेंस के प्रोसेस में होंगे. रोहित भी अगले दो से तीन दिनों में सीओई जाएंगे. हम उनके फ़ाइनल फ़िटनेस क्लियरेंस का इंतज़ार कर रहे हैं.”
भारतीय टीम में कौन हैं शामिल
इमेज स्रोत, Getty Images
सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टी-20 टीम का कप्तान बनाए जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, “हमने देखा है कि उन्होंने पिछले कुछ सालों में अलग-अलग फ्रेंचाइज़ी को लीड करते हुए क्या किया है. उन्होंने एक बार (आईपीएल टाइटल) जीता, शानदार शुरुआत के बाद इस साल उनका सीज़न और भी मुश्किल रहा. उन्होंने वह सब कुछ देखा है जो एक कप्तान देख सकता है.”
इसके अलावा अजीत अगरकर ने कहा, “उनका अपना परफ़ॉर्मेंस भी बहुत अच्छा रहा है. वह टी-20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह बनाने के काफ़ी क़रीब थे, लेकिन सूर्या अभी भी टीम में हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं थी. मेरी राय में वह अब काफ़ी एक्सपीरियंस के साथ एक ‘स्टैंड-आउट कैंडिडेट’ हैं. यह ज़ाहिर तौर पर एक अलग चैलेंज होगा.”
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी.
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी.
सरफ़राज़ ख़ान को लेकर क्यों उठ रहे सवाल
इमेज स्रोत, Getty Images
टी-20 टीम के अलावा इंडिया- ए टीम में सरफ़राज़ ख़ान का नाम न होने पर भी कई लोगों ने सवाल खड़े किए हैं.
यह टीम श्रीलंका में जून-जुलाई में दो टेस्ट मैच खेलेगी.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लिखा, “श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया ए टीम में मुंबई के बल्लेबाज़ और टेस्ट टीम से बाहर चल रहे सरफ़राज़ खान को शामिल न किए जाने से हैरानी हुई है. क्या टेस्ट टीम के लिए उनसे बेहतर कोई बल्लेबाज़ है? किसी का भी फ़र्स्ट-क्लास रिकॉर्ड उनके आस-पास भी नहीं है. सेलेक्टर इसे कैसे सही ठहरा सकते हैं?”
भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच चल रहे टेस्ट मैच को लेकर लेखक मुकुल केशवन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया, “सरफ़राज़ ख़ान के बजाय ध्रुव जुरेल को छठे नंबर पर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज़ के तौर पर क्यों चुना गया है? वजह उनके आंकड़े तो नहीं हो सकते.”
“सरफ़राज़ का फ़र्स्ट-क्लास और टेस्ट औसत बेहतर है. यह मिडिल ऑर्डर की जगह है, जहाँ ख़ान आम तौर पर बल्लेबाज़ी करते हैं. तो फिर वजह क्या है?”
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “सरफ़राज़ ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ एक मुश्किल सिरीज़ में शतक लगाया था, जिसमें भारत हार गया था. लेकिन जब कमज़ोर अफ़ग़ानिस्तान टीम के ख़िलाफ़ बल्लेबाज़ी औसत बढ़ाने की बात आती है, तो साई सुदर्शन (जिनका टेस्ट औसत 30 से कम है) और जुरेल सबसे आगे होते हैं. यह अजीब बात है.”
भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेले जा रहे इकलौते टेस्ट मैच में सरफ़राज़ ख़ान को जगह नहीं मिली है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
SOURCE : BBC NEWS







