Source :- LIVE HINDUSTAN

एक छोटी कंपनी मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड की शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत हुई है। मेरिट्रोनिक्स के शेयरों ने निवेशकों का पैसा पहले ही दिन दोगुना कर दिया है। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के शेयर सोमवार को BSE में 90 पर्सेंट के फायदे के साथ 283.10 रुपये पर लिस्ट हुए। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 149 रुपये था। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड का आईपीओ दांव लगाने के लिए 1 जून को खुला था और यह 3 जून तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 70 करोड़ रुपये तक का था।

पहले ही दिन दोगुना हो गया निवेशकों का पैसा
लिस्टिंग के ठीक बाद मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड (Merritronix Limited) के शेयर 5 पर्सेंट के अपर सर्किट के साथ 297.25 रुपये पर पहुंच गए। IPO में मेरिट्रोनिक्स के शेयर का दाम 149 रुपये था। यानी, आईपीओ प्राइस के मुकाबले मेरिट्रोनिक्स के शेयर पहले ही दिन करीब 100 पर्सेंट उछल गए। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड का मार्केट कैप सोमवार को 515 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के प्रमोटर डोवरी येसुदास, डोवरी अमरनाथ, वनजा डी, डार्सी केथन चंद्रा और डोवरी थमन हैं। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 85.17 पर्सेंट थी, जो कि अब 62.28 पर्सेंट रह गई है।

IPO पर लगा 315 गुना से ज्यादा दांव
मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड का आईपीओ टोटल 315.36 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 297.67 गुना दांव लगा है। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 476.59 गुना सब्सक्राइब हुआ है। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 224.91 गुना दांव लगा है। मेरिट्रोनिक्स के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ के 2 लॉट में 2000 शेयर थे। यानी, 2 लॉट के लिए आम निवेशकों को 2,98,000 रुपये का निवेश करना पड़ा। IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड मशीनरी एंड इक्विपमेंट खरीदने, वर्किंग कैपिटल रिक्वॉयरमेंट्स को पूरा करने और जनरल कॉरपोरेट पर्पज में करेगी।

क्या करती है मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड
मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड (Merritronix Limited) की शुरुआत अक्टूबर 1988 में हुई है। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड एक इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। कंपनी डिफेंस, एयरोस्पेस, टेलिकॉम और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट्स को अपनी सर्विसेज देती है। हाई-रिलायबिलिटी, मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक एसेंबलीज में कंपनी का स्पेशलाइजेशन है। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड कंपोनेंट सोर्सिंग, PCB एसेंबली, सिस्टम इंटीग्रेशन, टेस्टिंग, बॉक्स-बिल्डिंग और फिनिश्ड इलेक्ट्रॉनिक्स की डिलीवरी जैसी B2B सर्विसेज ऑफर करती है। मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के क्लाइंट्स डिफेंस, एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, हेवी इंडस्ट्रीज, पावर एंड यूटिलिटीज सेगमेंट के हैं। 31 मार्च 2026 के डेटा के मुताबिक, मेरिट्रोनिक्स लिमिटेड के अलग-अलग डिपार्टमेंट्स में 57 कर्मचारी हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN