Source :- LIVE HINDUSTAN
प्रेशर कुकर में चावल बनाते हुए अक्सर ये कन्फ्यूजन रहती है कि कितनी सीटी लगाएं। सही अंदाजा ना होने की वजह से कई बार ये जल जाते हैं या हल्के कच्चे रह जाते हैं। तो चलिए आज जानते हैं परफेक्ट खिले-खिले राइस बनाने की ट्रिक।
प्रेशर कुकर में चावल बनाना कुछ ही मिनटों का काम है, लेकिन जब बात हो परफेक्ट राइस बनाने की तो ये हर किसी से नहीं हो पाता। अक्सर कई गृहणियां शिकायत करती हैं कि उनके चावल या तो कुछ ज्यादा ही गल जाते हैं या फिर हल्के कच्चे रह जाते हैं। वो खिले-खिले रेस्टोरेंट या ढाबा स्टाइल नहीं बनते। दरअसल इसमें कोई सीक्रेट ट्रिक नहीं छिपी है, बस शायद आपको सीटी का सही अंदाजा नहीं है। कुकर में परफेक्ट चावल बनाने के लिए बस दो ही बातें मेन होती हैं। एक तो सीटी सही संख्या में लगाना और दूसरा पानी का इस्तेमाल ठीक मात्रा में करना। अक्सर लोग यहीं कन्फ्यूज होते हैं कि चावल बनाते हुए कितनी सीटी लगाना सही रहेगा। आइए हमेशा के लिए इस कन्फ्यूजन को दूर कर लेते हैं-
कुकर में खिले-खिले चावल बनाने के लिए कितनी सीटी लगाएं?
अगर आप नॉर्मल सफेद चावल बना रहे हैं, तो लगभग एक गिलास चावल के लिए दो गिलास पानी का इस्तेमाल करें। अगर चावल दो गिलास हैं, तो पानी चार गिलास लें। ध्यान रहे जिस गिलास से आपने चावल लिए हैं, उसी गिलास से पानी माप कर डालें। अब कुकर में इन्हें दो सीटी आने तक पकाएं। इस दौरान गैस की फ्लेम मीडियम रखें। फिर कुकर को तब तक ना खोलें, जब तक इसका सारा प्रेशर ना रिलीज ना हो जाए। चावल बिल्कुल परफेक्ट तरीके से पकेंगे।
काम की टिप: चावल बनाने से पहले उन्हें पानी में अच्छी तरह धोना बहुत जरूरी है। कम से कम तीन बार चावलों को अच्छे से वॉश करें, फिर इन्हें कुकर में पकने के लिए डालें।
भिगोकर चावल बना रहे तो इतनी सीटी लगाएं
अगर आप चावल भिगोकर बनाते हैं, तो सीटी कम लगानी पड़ती है। उदाहरण के लिए अगर बासमती चावल को बनाने से पहले आप आधा घंटे के लिए भिगोकर रख देते हैं, तो पहली सीटी आने पर ही गैस बंद कर देनी है। भिगोकर रखे हुए चावल जल्दी पका जाते हैं, इसलिए इससे ज्यादा सीटी ना लगाएं। अब कुकर को यूं ही रखा रहने दें, जबतक इसका सारा प्रेशर निकल नहीं जाता। वहीं अगर हम पानी की बात करें, तो भिगोकर रखे हुए एक गिलास चावल में दो गिलास पानी ही इस्तेमाल होगा।
स्वाद की टिप: चावल बिल्कुल खिले-खिले और खुशबूदार बनें इसके लिए आप इन्हें बनाते समय दो चम्मच देसी घी या तेल एड कर सकते हैं। ऐसा करने से चावल का एक-एक दाना खिलकर आता है। कुछ लोग इसमें नींबू के रस की कुछ बूंदे भी एड करते हैं, उससे भी चावल खिले-खिले, ज्यादा सफेद और खुशबूदार बनते हैं।
चावल पकने के तुरंत बाद क्यों ना खोलें कुकर?
कई लोग जल्दीबाजी में कुकर की सीटी निकालकर ढक्कन खोल लेते हैं। ये बिल्कुल भी सही नहीं है। ऐसा करने से चावल का टेक्सचर खराब हो सकता है और कई बार वो ठीक से पकते भी नहीं। इसलिए हमेशा कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें, फिर चावल का ढक्कन खोलें। इससे चावल अच्छे से सेट हो जाते हैं और उनका एक-एक दाना खिला-खिला बनता है।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN






