Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 शिखर सम्मेलन में एक बार फिर इजरायल के प्रति अपना मजबूत समर्थन दोहराते हुए कहा कि अगर वे राष्ट्रपति न होते तो इजराइल का अस्तित्व ही नहीं बचता। साथ ही उन्होंने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से लेबनान मुद्दे पर अधिक जिम्मेदार रवैया अपनाने की सख्त अपील की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक बार फिर दावा किया कि अगर वे राष्ट्रपति न होते तो इजरायल का अस्तित्व ही नहीं बचता। साथ ही उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लेबनान मुद्दे पर अधिक जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की। फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ मुलाकात में ट्रंप ने कहा कि मेरे बिना इजरायल का अस्तित्व नहीं होता, क्योंकि कोई और राष्ट्रपति वो करने को तैयार नहीं था जो मैंने किया। इस दौरान उन्होंने नेतन्याहू के साथ अपने ‘बहुत अच्छे संबंधों’ का जिक्र करते हुए कहा कि इजरायल को लेबनान के मामले में अधिक जिम्मेदारी दिखानी चाहिए।
सीरिया बेहतर तरीके से संभाल लेगा
ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे तनाव को ‘छोटा युद्ध’ करार देते हुए कहा कि ईरान हमारा सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी है, लेकिन हिजबुल्लाह एक छोटा खतरा है जो बार-बार अपना सिर उठाता रहता है। उन्होंने बेरूत में इजरायली सैन्य कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि अपार्टमेंट बिल्डिंगों को गिराने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वहां हिजबुल्लाह के सदस्य ही रहते हैं, क्योंकि आम नागरिक भी बड़े पैमाने पर मारे जा रहे हैं। इस दौरान ट्रंप ने खुलासा किया कि उन्होंने इजरायल को सलाह दी थी कि हिजबुल्लाह की समस्या को सीरिया पर छोड़ दिया जाए। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि सीरिया इसे बेहतर तरीके से संभाल लेगा।
अमेरिका और ईरान के बीच समझौता
बता दें कि रविवार को अमेरिका और ईरान ने पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए एक अहम समझौते पर सहमति जताई। इस समझौते के औपचारिक हस्ताक्षर शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में होने वाले हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बताया कि दोनों पक्षों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है। इस समझौते के तहत युद्धविराम 60 दिनों के लिए बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम शांति समझौते पर बातचीत होगी।
नाकाबंदी हटाने का आदेश
ट्रंप ने रविवार को घोषणा की कि उन्होंने ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी तुरंत हटाने का आदेश दे दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्व ऊर्जा व्यापार का महत्वपूर्ण मार्ग होर्मुज स्ट्रेट जल्द ही दोबारा खुल जाएगा। दूसरी ओर ईरान ने बार-बार मांग की है कि किसी भी युद्धविराम समझौते में लेबनान को शामिल किया जाए, जबकि इजरायल इस पर सहमत नहीं है और हिजबुल्लाह के खिलाफ अपना अभियान जारी रखने की तैयारी में है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







