Source :- LIVE HINDUSTAN
Air India airline news: टाटा की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने यात्रियों को अधिक विकल्प और कम कीमत में यात्रा की सुविधा देने के लिए नया ‘बेसिक फेयर’ (Basic Fare) लॉन्च किया है। ये उन यात्रियों के लिए है जो कम खर्च में यात्रा करना चाहते हैं और अतिरिक्त सुविधाओं के लिए भुगतान नहीं करना चाहते। बता दें कि एयर इंडिया ने साल 2024 में अपने Value, क्लासिक और Flex फेयर कैटेगरी शुरू की थीं। अब इसमें बेसिक फेयर को जोड़ा गया है। इसे चुनिंदा घरेलू रूट्स पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है।
क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं
इस नई सुविधा के तहत कंपनी ने यात्रियों को एक और सस्ता विकल्प उपलब्ध कराया है। यह फेयर केवल इकोनॉमी क्लास के लिए उपलब्ध होगा और इसमें यात्रियों को 15 किलोग्राम चेक-इन बैगेज और 7 किलोग्राम केबिन बैगेज की अनुमति मिलेगी। इसके अलावा यात्रा के दौरान चाय या कॉफी जैसी पेय सेवाएं मुफ्त रहेंगी लेकिन भोजन शामिल नहीं होगा। यह बेसिक फेयर पूरी तरह वैकल्पिक है।
24 घंटे पहले मिलेगी सुविधा
जो यात्री भोजन और अन्य सुविधाओं के साथ यात्रा करना चाहते हैं, वे पहले की तरह Value, Classic या Flex फेयर चुन सकते हैं। इन श्रेणियों में मुफ्त भोजन और अन्य अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, बेसिक फेयर पर यात्रा करने वाले यात्रियों के पास उड़ान भरने से 24 घंटे पहले तक खाना पहले से खरीदने की सुविधा होगी। इसमें शाकाहारी, मांसाहारी, जैन और डायबिटिक भोजन के विकल्प शामिल होंगे।
अगर शेड्यूल में कोई बदलाव होता है या दूसरी फ्लाइट में जगह दी जाती है, तो पहले से खरीदा गया खाना अपने-आप नई फ्लाइट में ट्रांसफर हो जाएगा। अगर किसी वजह से यह उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो पूरे पैसे वापस कर दिए जाएंगे।
फिलहाल यह नया किराया केवल एयर इंडिया की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कॉल सेंटर और एयरपोर्ट टिकटिंग ऑफिस के माध्यम से बुक किया जा सकता है। कंपनी पायलट प्रोजेक्ट के दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया का अध्ययन करेगी और उसके आधार पर भविष्य में इसे अन्य रूट्स पर भी लागू करने का फैसला लिया जाएगा।
हब-एंड-स्पोक मॉडल की शुरुआत
हाल ही में एयर इंडिया ने केंद्र सरकार के ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल के तहत अपनी उड़ानों के लिए बुकिंग शुरू की। इस मॉडल के तहत पहली उड़ान सेवा 25 जून को वाराणसी से शुरू होगी। हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत, वाराणसी जैसे मझोले यानी ‘स्पोक’ शहरों को दिल्ली जैसे बड़े यानी ‘हब’ हवाई अड्डे से जोड़ा जाता है, जहां से यात्री एयर इंडिया के बड़े वैश्विक नेटवर्क का आसानी से लाभ उठा सकते हैं।
एयर इंडिया के मुताबिक ‘ईजी कनेक्ट’ उड़ानों के तौर पर शुरू की गई ये सेवाएं यात्रियों को बड़े केंद्र से दूर छोटे शहरों से भी अपना सामान जमा करने और शुरुआती एयरपोर्ट पर ही आव्रजन की प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा देती हैं, ताकि वे दुनिया भर में आसानी से यात्रा कर सकें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







