Source :- LIVE HINDUSTAN

आज 17 जून को देश में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लेकिन, बड़ी खबर यह है कि भारत के करोड़ों किचन में एलपीजी की सप्लाई आगे ईरान जैसे युद्धों की वजह से बाधित न हो, इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी कनाडा के पीएम से मिले।

विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, भारत और कनाडा के रिश्तों में नई गर्मजोशी देखने को मिल रही है। फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की समीक्षा की गई।

विशेष रूप से एलएनजी (LNG), एलपीजी (LPG) और मेटलर्जिकल कोल से जुड़े बिजनेस डील पर चर्चा हुई। ऐसे समय में जब दुनिया ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंतित है, भारत और कनाडा के बीच यह सहयोग रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

दिल्ली में एलपीजी के रेट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर ₹942 और 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹3,113.50 में मिल रहा है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों और शहरों में एलपीजी की कीमतों में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

लेह में सबसे महंगा घरेलू सिलेंडर

इंडियन ऑयल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में सबसे महंगा घरेलू एलपीजी सिलेंडर लेह में बिक रहा है। यहां 14.2 किलो का सिलेंडर ₹1,179 का है। इसके अलावा पूर्वोत्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में भी गैस की कीमतें काफी ऊंची हैं।

लेह में कमर्शियल सिलेंडर भी महंगा

दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर ₹3,113.50 का है, जबकि लेह जैसे क्षेत्रों में इसकी कीमत ₹3,700 से भी ऊपर बनी हुई है। होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के लिए यह लागत एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

नॉर्थ त्रिपुरा में घरेलू सिलेंडर ₹1,119.50, गंगटोक में ₹1,094.50, आइजॉल में ₹1,094 और वेस्ट इंफाल में ₹1,093.50 का मिल रहा है। वहीं श्रीनगर में उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर के लिए ₹1,058 चुकाने पड़ रहे हैं।

इन बड़े शहरों में ₹1,000 से कम में मिल रहा सिलेंडर

देश के कई प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अभी भी ₹1,000 से नीचे बनी हुई है। सबसे सस्ता घरेलू सिलेंडर मुंबई में ₹941.50 का है। बेंगलुरु में इसकी कीमत ₹944.50, अहमदाबाद और गुरुग्राम में ₹949, जयपुर में ₹952.50 और गोवा में ₹956 है। चेन्नई में घरेलू सिलेंडर ₹957.50, कोलकाता में ₹968 और लखनऊ में ₹976.50 का मिल रहा है। हैदराबाद में कीमत ₹994 तक पहुंच चुकी है।

क्यों अलग-अलग हैं LPG के दाम?

विशेषज्ञों के अनुसार एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में अंतर का सबसे बड़ा कारण परिवहन लागत, भौगोलिक परिस्थितियां और स्थानीय टैक्स हैं। पहाड़ी, दूरदराज और द्वीपीय इलाकों तक सिलेंडर पहुंचाने में अधिक खर्च आता है, जिसकी वजह से वहां उपभोक्ताओं को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ती है। यही कारण है कि लेह, पूर्वोत्तर राज्यों और कुछ विशेष क्षेत्रों में एलपीजी की कीमतें मैदानी और महानगरीय शहरों की तुलना में काफी अधिक हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN