Source :- LIVE HINDUSTAN

देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम जल्द ही अपना बहुप्रतीक्षित IPO लॉन्च करने की दिशा में बड़ा कदम उठा सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी कुछ ही दिनों में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है। इस IPO का आकार करीब 4 अरब डॉलर (लगभग ₹38,000 करोड़) बताया जा रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह फाइलिंग 19 जून को होने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के एजीएम 2026 से ठीक पहले हो सकती है, जहां चेयरमैन मुकेश अंबानी शेयरधारकों को संबोधित करेंगे।

लंबे समय से इंतजार में है Jio का IPO

पिछले साल AGM में अंबानी ने कहा था कि Jio का IPO 2026 की पहली छमाही में आ सकता है। हालांकि तय समयसीमा निकल चुकी है, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि IPO प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका-ईरान तनाव, तेल कीमतों में उछाल और बाजार की अस्थिरता के कारण IPO योजना में देरी हुई।

IPO मार्केट पर युद्ध का असर

2026 में भारतीय IPO बाजार की रफ्तार धीमी रही है। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल अब तक IPO के जरिए जुटाई गई राशि सालाना आधार पर 39% घटकर करीब 2.1 अरब डॉलर रह गई है। कई बड़ी कंपनियों ने भी अपने IPO टाल दिए हैं। इनमें फोनपे का प्रस्तावित IPO भी शामिल बताया जा रहा है।

रिलायंस के शेयर पर दबाव

2026 में अब तक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 15% टूट चुके हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 13% घटा था, जिसकी बड़ी वजह पश्चिम एशिया संकट और रिफाइनिंग कारोबार पर दबाव रही।

शांति समझौते से बढ़ सकती है

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-ईरान के बीच प्रस्तावित समझौते और होर्मुज स्ट्रेटके फिर से खुलने से वैश्विक अनिश्चितता कम हो सकती है। इससे साल की दूसरी छमाही में IPO बाजार में तेजी लौट सकती है।

निवेशकों के लिए क्यों अहम है Jio IPO?

निवशकों के लिए भारत के सबसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर में निवेश का मौका है। कंपनी आईपीओ के पैसे से 5G, AI और डिजिटल सेवाओं पर बड़ा दांव लगा सकती है। भारतीय शेयर बाजार के इतिहास के सबसे बड़े IPO में शामिल होने की संभावना है और रिलायंस समूह के वैल्यू अनलॉकिंग की दिशा में यह बड़ा कदम है।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN