Home BUSINESS NEWS HINDI नए CEO की ज्वाइनिंग से झूमे निवेशक, 18% उछला जूते-चप्पल बनाने वाली...

नए CEO की ज्वाइनिंग से झूमे निवेशक, 18% उछला जूते-चप्पल बनाने वाली कंपनी का शेयर

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

जूते-चप्पल बनाने वाली कंपनी बाटा इंडिया के शेयर बुधवार को डिमांड में थे। इंट्रा-डे में इस कंपनी के शेयर 18 पर्सेंट तक उछल गए। शेयर में यह तेजी तब आई जब फुटवियर बनाने वाली इस कंपनी ने संजय राव को अपना नया मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त करने की घोषणा की। बता दें कि शेयर की यह 23 मई 2006 के बाद से एक दिन में हुई सबसे बड़ी बढ़त है। कहने का मतलब है कि 20 साल बाद शेयर ने एक दिन में इतनी बढ़त देखी है।

शेयर का परफॉर्मेंस

बाटा इंडिया के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो 678.25 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 18 पर्सेंट बढ़कर 803.05 रुपये पर पहुंच गया। जुलाई 2025 में शेयर 1,287.85 रुपये तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। मार्च 2026 में शेयर 605.55 रुपये के निचले स्तर पर आ गया। इस हिसाब से शेयर रिकवरी मोड में है।

मैनेजमेंट में बदलाव

बाटा इंडिया लिमिटेड ने मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी संजय राव को अपना नया एमडी और सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की है। बाटा इंडिया ने कहा कि राव अब गुंजन शाह की जगह लेंगे। गुंजन शाह ने पांच साल तक कारोबार का नेतृत्व किया और कार्यकाल पूरा होने के बाद वह अपना पद छोड़ देंगे। कंपनी ने बताया कि राव नाइकी से बाटा इंडिया में शामिल हो रहे हैं, जहां उन्होंने हाल ही में नाइकी रिटेल में वरिष्ठ निदेशक के तौर पर फ्रांस और बेनेलक्स बाजारों का कामकाज संभाला था। राव के पास भारत, दक्षिण एशिया, चीन और यूरोप में खुदरा तथा उपभोक्ता क्षेत्र में दो दशक से अधिक का नेतृत्व अनुभव है।

नाइकी से पहले उन्होंने इंडिटेक्स के साथ कई वर्षों तक काम किया। इस दौरान उन्होंने टाटा समूह के साथ संयुक्त उद्यम के माध्यम से भारत में जारा के कारोबार की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने भारत, दक्षिण एशिया और चीन में अलग-अलग वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं।

बाटा ग्रुप के CEO ने क्या कहा?

नियुक्ति पर बाटा ग्रुप के CEO पैनोस मायटारोस ने कहा, “भारत बाटा ग्रुप के सबसे अहम मार्केट में से एक है और हमारे लिए लंबे समय में ग्रोथ के सबसे बड़े मौकों में से एक है। बाटा इंडिया का ब्रांड बहुत मजबूत है, ग्राहकों का भरोसा गहरा है। हमारी नींव मजबूत है और आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमें ग्राहकों के और करीब आना होगा, अपनी अहमियत बढ़ानी होगी।” मायटारोस ने कहा कि राव के पास रिटेल और ग्राहकों से जुड़ा गहरा अनुभव, अंतरराष्ट्रीय नजरिया और भारतीय बाजार की अच्छी समझ है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN