Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/19/1200x900/Allu_Arjun_1770725334529_1770725339380_1781868346094_8fcdfb60-0f07-4c01-ad85-7c2928e5b130.jpgहैदराबाद के संध्या थिएटर में ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में एक्टर अल्लू अर्जुन भी 19 आरोपियों में से एक हैं।
हैदराबाद की नामपल्ली कोर्ट ने साउथ एक्टर अल्लू अर्जुन को समन भेजा है। उन्होंने 22 जून को संध्या थिएटर भगदड़ मामले की सुनवाई के लिए उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। बता दें, चिक्कड़पल्ली पुलिस ने चार्जशीट में एक्टर को आरोपी नंबर 11 बनाया है, जबकि संध्या थिएटर के प्रबंधन को आरोपी नंबर 1 से 10 के रूप में नामजद किया गया है।
19 आरोपियों को भेजा समन
इस मामले में अदालत ने कुल 19 आरोपियों को समन जारी किया है, जबकि पुलिस पहले ही 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। याद दिला दें, ये भगदड़ 4 दिसंबर, 2024 को संध्या थिएटर में फिल्म ‘पुष्पा 2’ के एक स्पेशल शो के दौरान हुई थी। इस हादसे में रेवती नाम की एक महिला की मौत हो गई थी और उनका बेटा, श्रीतेज, गंभीर रूप से घायल हो गया था।
अल्लू अर्जुन की टीम का बयान
अल्लू अर्जुन की लीगल टीम ने कहा, ‘नामपल्ली कोर्ट ने अभिनेता अल्लू अर्जुन को सोमवार को सुनवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से अदालत के सामने पेश होने का समन जारी किया है। हम इस मामले में आगे की जानकारी बाद में साझा करेंगे।’
पीड़ित परिवार से अल्लू परिवार ने की थी मुलाकात
इस घटना के बाद के अल्लू अरविंद और अल्लू अर्जुन की पत्नी स्नेहा रेड्डी ने घायल श्रीतेज के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की थी। खबरों के मुताबिक, उन्होंने श्रीतेज के स्वास्थ्य का हालचाल जाना था, परिवार के साथ समय बिताया था और उसके ठीक होने तक लगातार मदद करने का भरोसा दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने श्रीतेज की छोटी बहन की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का भी वादा किया था। उन्होंने परिवार से कहा था, ‘अच्छे से पढ़ाई करो, तुम्हारी शिक्षा का सारा खर्च हम उठाएंगे।’
श्रीतेज की हालत कैसी है?
लगभग पांच महीने आईसीयू में बिताने के बाद अप्रैल 2025 में श्रीतेज अस्पताल से डिस्चार्ज हो गया था। इसके बाद उन्हें न्यूरोलॉजिकल इलाज जारी रखने के लिए रामगोपालपेट के एक रिहैबिलिटेशन सेंटर में शिफ्ट किया गया था। साल 2025 में, श्रीतेज के पिता मोगादमपल्ली भास्कर ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ को बताया था, ‘उसके स्वास्थ्य में बहुत कम सुधार हुआ है। मेरा बेटा अभी भी हमें पहचानने के लिए संघर्ष कर रहा है। वह ज्यादातर समय बस देखता रहता है और उसके चेहरे पर बहुत कम भाव होते हैं। वर्तमान में उसकी स्पीच और निगलने की थेरेपी चल रही है। हम उसके ठीक होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।’
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




