Home World News hindi हिजबुल्लाह से बहुत भारी कीमत वसूल करेंगे, किस बात पर इतना भड़क...

हिजबुल्लाह से बहुत भारी कीमत वसूल करेंगे, किस बात पर इतना भड़क गए बेंजामिन नेतन्याहू

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले को युद्धविराम का स्पष्ट उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि IDF को हिजबुल्लाह पर पूरे जोर से हमला करने का निर्देश दिया गया है। यह घटना दक्षिणी लेबनान में हुई, जहां एक संदिग्ध ड्रोन हमले में ये सैनिक शहीद हो गए।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह के हमले में 4 इजरायली सैनिकों की मौत के बाद सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वे हिजबुल्लाह से बहुत भारी कीमत वसूल करेंगे। शुक्रवार को जारी एक पोस्ट में नेतन्याहू ने मारे गए सैनिकों के परिवारों को संवेदनाएं व्यक्त कीं। इनमें 52वीं आर्मर्ड बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल डोर गाडलिया बेन सिम्होन और तीन अन्य सैनिक शामिल थे। उन्होंने हमले को युद्धविराम का स्पष्ट उल्लंघन बताया और कहा कि उन्होंने इजरायली रक्षा बलों (IDF) को हिजबुल्लाह पर पूरे जोर से हमला करने का निर्देश दिया है। यह घटना दक्षिणी लेबनान में हुई, जहां एक संदिग्ध ड्रोन हमले में ये सैनिक शहीद हो गए। नेतन्याहू ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

आईडीएफ ने हिजबुल्लाह के उल्लंघन के जवाब में 80 से अधिक आतंकवादी ठिकानों पर हमले किए और दर्जनों आतंकियों को मार गिराया। इसके बाद बेक्का घाटी में हिजबुल्लाह के मुख्यालय पर भी हमला किया गया। नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री और चीफ ऑफ जनरल स्टाफ के साथ स्थिति का आकलन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इजरायल अपनी सेना या क्षेत्र पर किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर इजरायल की बस्तियों की सुरक्षा के लिए दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में आईडीएफ की मौजूदगी तब तक बनी रहेगी, जब तक जरूरी हो।

दक्षिणी लेबनान में रात भर हुए हमले

इस घटना के बाद इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ कई हमले जारी रखे, जिनमें कम से कम 16 लोग मारे गए और कई घायल हुए। आईडीएफ ने दक्षिणी लेबनान में रात भर हमले किए, जिन्हें हिजबुल्लाह के बार-बार युद्धविराम तोड़ने का जवाब बताया गया। हिजबुल्लाह ने गुरुवार रात भी एक हमला किया था, जिसमें 5 इजरायली सैनिक घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर है। इसके बावजूद कि ईरान-अमेरिका सौदे में इजरायल और लेबनान के बीच शत्रुता समाप्त करने का आह्वान किया गया था, लेकिन हमले जारी रहे।

आईडीएफ ने कहा कि हिजबुल्लाह लगातार हमारे बलों के खिलाफ आतंकी साजिशें रच रहा है। इस बीच, बेंजामिन नेतन्याहू की यह प्रतिक्रिया मध्य पूर्व में तनाव को और बढ़ा सकती है। इजरायल दक्षिणी लेबनान में अपनी उपस्थिति बनाए रखने पर अड़ा हुआ है, जबकि हिजबुल्लाह इसे उल्लंघन मानता है। दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम के बावजूद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इस घटना से क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और जटिल हो गई है। इजरायल की सेना ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी सीमाओं और सैनिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी कीमत पर तैयार है। इस संघर्ष के दीर्घकालिक प्रभावों पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी हुई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN