Home BUSINESS NEWS HINDI किसानों के लिए मोदी सरकार की सबसे बड़ी घोषणा! दुनिया की सबसे...

किसानों के लिए मोदी सरकार की सबसे बड़ी घोषणा! दुनिया की सबसे बड़ी फसल बीमा योजना लॉन्च

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

देश के करोड़ों किसानों के लिए शनिवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 23वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल ₹18,880 करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों के खातों में भेजा गया है। इस अवसर पर PM मोदी ने किसानों के लिए एक और बड़ा ऐलान करते हुए पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) की भी शुरुआत की। केंद्र सरकार का दावा है कि यह दुनिया की सबसे बड़ी फसल बीमा योजना है, जिसका उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, सूखा, ओलावृष्टि और अन्य जोखिमों से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करना है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2026-27 के दौरान पश्चिम बंगाल के लगभग 50 लाख किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। करीब 14 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को बीमा सुरक्षा के दायरे में लाया जाएगा और फसलों का अनुमानित बीमित मूल्य ₹28,140 करोड़ से अधिक रहेगा। सरकार किसानों के प्रीमियम का बड़ा हिस्सा वहन करेगी, जिससे उन्हें कम लागत में व्यापक बीमा सुरक्षा मिल सकेगी।

तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कृषि, सड़क, रेलवे और मत्स्य पालन से जुड़ी नई परियोजनाएं बंगाल के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों के लिए रोजगार तथा आय के नए अवसर पैदा होंगे।

कृषि क्षेत्र को डिजिटल और आधुनिक बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने कई अन्य योजनाओं की भी शुरुआत की। इनमें एग्री स्टैक, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को तकनीक से जोड़ना, खेती की लागत कम करना और उत्पादन बढ़ाना है।

इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने रेलवे और सड़क अवसंरचना से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इसमें लगभग ₹590 करोड़ की लागत वाली रेलवे परियोजनाओं में हावड़ा जिले की संकरैल-संतरागाछी लिंक लाइन परियोजना, हावड़ा में 300 बेड वाले रेलवे अस्पताल की आधारशिला और पूर्व मेदिनीपुर में एक रोड ओवरब्रिज शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-III) के तहत विकसित 49 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इससे 315 किलोमीटर से अधिक लंबी इन सड़कों से ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा किसानों, ग्रामीण विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। PM-Kisan की नई किस्त और फसल बीमा योजना से करोड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN