Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच पंगा और बढ़ गया है। जी-7 मीटिंग में फोटो के लिए गिड़गिड़ाने के दावे के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक और पोस्ट लिखी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच पंगा और बढ़ गया है। जी-7 मीटिंग में फोटो के लिए गिड़गिड़ाने के दावे के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक और पोस्ट की है। इसमें ट्रंप ने बतौर प्रधानमंत्री मेलोनी के कामकाज पर भी सवाल उठाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा है कि मेलोनी सिर्फ अपनी लोकप्रियता के दम पर उछल रही हैं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी इसका करारा जवाब दिया है। उन्होंने लिखा है कि मेरी लोकप्रियता आपकी दोस्ती की मोहताज नहीं है। साथ ही उन्होंने ट्रंप के लगातार हमलों को सेंसलेस बताया है।
ट्रंप ने जमाई धौंस
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में फिर से मेलोनी द्वारा फोटो के लिए गुहार लगाने की बात दोहराई है। साथ ही मेलोनी पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्होंने अमेरिका को नकार दिया जो इटली को हकीकत में प्यार करता है और उसकी रक्षा करता है। ट्रंप ने आगे लिखा कि मेलोनी किसी भी तरह से अमेरिका के हितों की रक्षा नहीं कर रही हैं। वह ईरान के खिलाफ सख्त कदमों पर सहमति नहीं दे रही हैं। इटली के रनवे का भी इस्तेमाल नहीं करने दे रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहाकि अमेरिका इटली और तथाकथित नाटो सहयोगी की हिफाजत के लिए कई बिलियन डॉलर खर्च किए हैं। ट्रंप के मुताबिक अब जबकि अमेरिका ने ईरान की सेना को हरा दिया है तो हमारे साथ फिर से दोस्ती करना चाहती हैं, ताकि अपने नंबर बढ़ा सकें। ऐसा नहीं होगा। धन्यवाद।
अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दीजिए
इसके बाद जॉर्जिया मेलोनी ने भी ट्रंप को तगड़ा जवाब दिया है। उन्होंने इसे लगातार उकसाने वाला कदम बताया है और सेंसलेस कहा है। मेलोनी ने लिखा कि जहां तक मेरी लोकप्रियता का सवाल है तो इसमें आपके किसी दोस्त ने कोई मदद नहीं की है। यहां तक यह मेरे आपके रिश्तों पर भी निर्भर नहीं है। मेरी लोकप्रियता पूरी तरह से इस बात पर है कि मैं इटली के राष्ट्रीय हितों की किस तरह से रक्षा कर सकता हूं। मैंने हमेशा ऐसा किया है।
इटली की प्रधानमंत्री ने आगे लिखा कि अपने देश के हितों को देखते हुए ही मैंने वहां पर अमेरिकी सैन्य बेस नहीं बनाने दिया। इतना ही नहीं, मेलोनी ने आगे कहाकि इटली एक संप्रभु देश है। जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है, उसके लिए परेशान मत होइए। इससे आपका कुछ लेना-देना नहीं है। मैं आपकी दोस्ती की वजह से नहीं मशहूर हुई हूं। मैं आपको सुझाव देती हूं कि अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दीजिए।
इससे पहले क्या हुआ था
गौरतलब है कि ट्रंप ने दावा किया था कि हाल ही में हुए जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें की थीं। अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए मेलोनी ने एक वीडियो संदेश पोस्ट किया। उन्होंने कहाकि ट्रंप के दावे पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं। उन्होंने कहाकि इटली और मैं मिन्नतें नहीं करते। इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो ताजानी ने प्रधानमंत्री मेलोनी और उनके देश को लेकर ट्रंप द्वारा किये गए दावों को गंभीर और अपमानजनक करार दिया। उन्होंने इसी के साथ अगले सप्ताह प्रस्तावित अपनी अमेरिका यात्रा रद्द कर दी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




