Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/21/1200x900/21_june_3_idiots_1782032564885_1782032611548_456d1c87-01f7-49e6-bd72-b81040b1f889.jpgशान ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में बताया कि वो ‘3 इडियट्स’ का एक गाना नहीं गाना चाहते थे। जब उन्होंने उस गाने के बोल पढ़े थे तब उन्हें लगा जैसे कोई कुछ बेच रहा है। आज इस गाने के यूट्यूब पर 125 मिलियन+ व्यूज हैं।
बॉलीवुड के मशहूर गायक शान ने फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सुपरहिट गानों को लेकर एक बेहद दिलचस्प और हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। बता दें, ‘3 इडियट्स’ साल 2009 में रिलीज हुई थी और कल्ट क्लासिक बन गई थी। लोगों को न सिर्फ आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी की इस फिल्म की कहानी पसंद आई थी, बल्कि वे इस फिल्म के गानों के भी दीवाने हो गए थे।
शान की जगह साेनू निगम को मिला गाना
हैरान कर देने वाली बात ये है कि शान ने इस फिल्म के गाने को गाने से मना कर दिया था। जी हां, ये बात खुद शान ने हाल ही में दिए इंटरव्यू में बताई है। ‘ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे’ ने जब शान से पूछा कि ऐसा कौन-सा गाना है जिसे उन्होंने रिजेक्ट कर दिया था, लेकिन बाद में वो हिट हो गया। इस पर शान ने बताया कि वो इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का सबसे पॉपुलर गाना ‘ऑल इज वैल’ गाने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर उनकी जगह सोनू निगम को ले लिया गया और उन्हें एक ऐसा गाना मिला जिस पर उन्हें विश्वास नहीं था।
‘ऑल इज वैल’ से कैसे कटा पत्ता?
शान ने बताया कि वो फिल्म का मेन गाना रिकॉर्ड करने गए थे, लेकिन ऐन मौके पर चीजें बदल गईं। शान ने कहा, ‘मैं ‘3 इडियट्स’ का गाना ‘ऑल इज वैल’ डब करने वाला था। लेकिन फिर शांतनु सर (शांतनु मोइत्रा) ने कहा यार वो गाने में पंगा हो गया है। ‘ऑल इज वैल’ अब आमिर खान पर फिल्माया जाएगा और आमिर खान की आवाज सानू निगम है। पर तू आजा एक गाना है तेरे लिए।’
फिर कौन-सा गाना लगा हाथ
जब शान को ‘ऑल इज वैल’ की जगह ‘बहती हवा सा था वो’ गाना ऑफर हुआ, तो उन्हें ये गाना कुछ खास पसंद नहीं आया था। उन्होंने कहा, ‘मैंने कहा कि यार कहां वो गाना और कहां ये गाना। बहती हवा सा था वो…ऐसा लग रहा है कि कोई कुछ बेच रहा है रास्ते में। उस समय मुझे पता नहीं था कि ये गाना इतना हिट हो जाएगा।’
कितने हैं दोनों गानों के यूट्यूब व्यूज?
यूट्यूब पर ‘बहती हवा सा था वो’ को 125 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। वहीं ‘ऑल इज वैल’ को 97 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले हैं।
‘3 इडियट्स’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘3 इडियट्स’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस से 202.47 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस से 350 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




