Source :- LIVE HINDUSTAN
बीते सप्ताह सोना और चांदी की कीमतों में आई गिरावट के बाद अब हर किसी की नजर अगले सप्ताह के माहौल पर है। दरअसल, अगला सप्ताह अमेरिका-ईरान के बीच के तनाव को कम करने के लिए काफी अहम हो सकता है। इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों पर कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आर्थिक आंकड़ों का बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
स्विट्जरलैंड में हो रही वार्ता
बाजार की नजर विशेष रूप से स्विट्जरलैंड में होने वाली वार्ता पर रहेगी, जहां अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत का नेतृत्व करने की उम्मीद है। इस वार्ता का मकसद तनाव को खत्म करना है। विश्लेषकों के मुताबिक, इन वार्ताओं का प्रभाव निवेशकों के रिस्क लेने की धारणा और एनर्जी मार्केट को प्रभावित कर सकता है, जिसका सीधा असर बहुमूल्य धातुओं पर पड़ेगा। बता दें कि घरेलू जिंस बाजार शुक्रवार को सुबह के सत्र में मुहर्रम के कारण बंद रहेंगे।
क्या कहा एक्सपर्ट ने?
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड से जड़े प्रणव मेर ने कहा, “सोने और चांदी का रुझान फिलहाल सीमित दायरे में बना हुआ है क्योंकि बाजार की नजर अमेरिका-ईरान वार्ता और खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते कच्चे तेल, एलएनजी की आपूर्ति पर है।” पिछले सप्ताह मजबूत रुपये और घटती मांग के कारण बहुमूल्य धातुओं में गिरावट दर्ज की गई। मेर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत डॉलर के कारण सोने-चांदी पर दबाव बना रहा, डॉलर सूचकांक लगभग 100.60 के आसपास बंद हुआ। हालांकि, रूस-यूक्रेन संघर्ष की चिंताओं ने सोने को कुछ समर्थन दिया लेकिन निवेशकों का ध्यान अधिकतर पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर केंद्रित रहा।
वहीं, एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा, “सोना पूरे सप्ताह दबाव में रहा और लगभग 2.2 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुआ, क्योंकि ऊर्जा कीमतों में गिरावट, मजबूत रुपया और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त नीतिगत रुख ने कीमतों पर दबाव डाला।” उन्होंने कहा कि मजबूत रुपया आयातित सोने की लागत को कम करता है, जिससे कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
बता दें कि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का वायदा 3,325 रुपये या 2.2 प्रतिशत गिरकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, चांदी की कीमत 13,001 रुपये या 5.3 प्रतिशत गिरावट के साथ 2.33 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वैश्विक बाजारों में सोने का वायदा भाव मामूली रूप से बढ़त के साथ 4,245.9 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ, जबकि चांदी 2.03 प्रतिशत गिरकर 66.32 डॉलर प्रति औंस पर रही।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




