Home BUSINESS NEWS HINDI क्रेड के मालिक को मिली WhatsApp की कमान, मेटा ने बड़े निवेश...

क्रेड के मालिक को मिली WhatsApp की कमान, मेटा ने बड़े निवेश का किया ऐलान

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फिनटेक कंपनी क्रेड (CRED) के सीईओ अब मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप (WhatsApp) की कमान संभालेंगे। दरअसल, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) ने क्रेड में 8550 करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया है। इस डील के तहत, क्रेड के संस्थापक कुणाल शाह सीईओ का पद छोड़ देंगे और वह मेटा के मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप की कमान संभालेंगे। शाह मेटा की ग्लोबल लीडरशिप वाली टीम में शामिल होंगे। इसके साथ ही क्रेड में अपनी व्यक्तिगत हिस्सेदारी बनाए रखेंगे।

जुकरबर्ग और कुणाल ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”क्रेड टीम, मैं आपसे 10 गुना बेहतर एडिशन बनने की उम्मीद रखूंगा। जहां तक ​​मेरी बात है, मैं व्हाट्सएप को ग्लोबली अगुवाई करने के लिए मेटा से जुड़ूंगा। हालांकि, यह काफी आगे आ चुका है लेकिन आज के व्हाट्सएप और इसकी पूरी क्षमता के बीच बहुत बड़ा अंतर है।”

वहीं, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पर लिखा, ”कुणाल शाह व्हाट्सएप की अगुवाई के तौर पर मेटा से जुड़ेंगे। कुणाल ने क्रेड को भारत की सबसे अहम टेक कंपनियों में से एक बनाया है। उनमें ऐसी सोच और वैश्विक नजरिया है जो दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप को चलाने में उनके काम आएगा। मैं कुणाल के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं ताकि व्हाट्सएप को अरबों लोगों और लाखों कंपनियों के लिए सबसे अच्छी सेवा बनाया जा सके।”

कुणाल शाह कौन हैं?

साल 2000 में कुणाल शाह ने अपना एंटरप्रेन्योरशिप का सफर शुरू किया। 2010 में FreeCharge लॉन्च करने से पहले, उन्होंने लगभग एक दशक तक कई वेंचर्स को बनाने और उन्हें लीड करने में बिताया। लॉन्चिंग के कुछ ही महीनों बाद FreeCharge डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म भारत के सबसे प्रमुख स्टार्टअप्स में से एक बन गया। इसे 2015 में ई-कॉमर्स कंपनी स्नैपडील ने लगभग 450 मिलियन डॉलर की डील में खरीद लिया। कुणाल शाह 2016 तक कंपनी के साथ फाउंडर, CEO और बाद में चेयरमैन के तौर पर जुड़े रहे।

FreeCharge छोड़ने के बाद साल 2016 में वह पार्ट-टाइम पार्टनर के तौर पर Y Combinator से जुड़े। इसके बाद उन्होंने 2017 से 2018 के बीच एक फर्म के लिए एडवाइजर के तौर पर काम किया। पिछले कुछ सालों में, शाह भारत के सबसे एक्टिव एंजेल इन्वेस्टर्स में से एक बनकर उभरे हैं। साल 2016 से, उन्होंने फिनटेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंज्यूमर टेक्नोलॉजी और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर जैसे सेक्टर में 200 से अधिक स्टार्टअप्स में निवेश किया है। उनके इन्वेस्टमेंट पोर्टफोलियो में Razorpay, अनएकेडमी, जुपिटर, शिपरॉकेट, बिग बास्केट, Spinny, मोबाइल प्रीमियम लीग (MPL), Innov8 और कई दूसरी कंपनियां शामिल हैं। शाह की पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने मुंबई के विल्सन कॉलेज से फिलॉसफी में बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की। ​​

क्रेड कब वजूद में आया?

अप्रैल 2018 में कुणाल शाह ने CRED की शुरुआत की। यह यूजर्स को समय पर क्रेडिट कार्ड बिल भरने के लिए रिवॉर्ड देता है। इस प्लेटफॉर्म पर आप यूटिलिटी से जुड़े हर काम कर सकते हैं। क्रेडिट कार्ड से पैसे जोड़ने हो या रेंट पेमेंट करना हो, हर काम क्रेड के प्लेटफॉर्म से किया जा सकता है। क्रेड ने राहुल द्रविड जैसे बड़े सेलिब्रिटी को ब्रांड एंबेसडर भी बनाया था।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN