Source :- LIVE HINDUSTAN
Baby Ko Pani Dena Safe Hai Kya: कई नए पेरेंट्स के मन में गर्मी के कारण अक्सर यह सवाल रहता है कि क्या 6 महीने से पहले बच्चे को थोड़ा पानी दे दें। अगर आपके मन में भी ऐसा कुछ है, तो बच्चे को पानी पिलाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर जान लें।
गर्मी बढ़ते ही नए माता-पिता की चिंता भी बढ़ जाती है। कई बार बच्चे को रोता देखकर मन में सबसे पहला सवाल आता है, ‘कहीं इसे प्यास तो नहीं लगी? क्या थोड़ा पानी दे देना चाहिए?’ अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं तो आप अकेले नहीं हैं। लगभग हर नए माता-पिता के मन में एक बार यह सवाल जरूर आता है। लेकिन क्या वाकई 6 महीने से पहले शिशु को पानी देना सही है?
बच्चों के डॉक्टर निमिष कुलकर्णी के अनुसार, इस उम्र में पानी देना उतना जरूरी नहीं है, जितना लोग समझते हैं। बल्कि कुछ मामलों में यह नुकसान भी पहुंचा सकता है।
बच्चा रो रहा हो तो क्या उसे प्यास लगी है?
लोग सोचते हैं कि बच्चा बार-बार रो रहा है, तो उसे पानी की जरूरत होगी लेकिन ऐसा नहीं होता। छोटे बच्चे भूख, नींद, गर्मी, गीले कपड़े या गोद में आने की इच्छा की वजह से भी रोते हैं। इसलिए सिर्फ रोने के आधार पर बच्चे को पानी देना सही नहीं है।
6 महीने तक सिर्फ दूध क्यों?
डॉक्टरों के अनुसार, जन्म से लेकर 6 महीने की उम्र तक बच्चे को केवल मां का दूध या फॉर्मूला मिल्क ही देना चाहिए क्योंकि –
- इस उम्र में बच्चे का पेट बहुत छोटा होता है एक दिन में वह लगभग छह सौ मिली से एक लीटर तक दूध पीता है।
- अगर उस छोटे से पेट में पानी भर जाएगा, तो बच्चा कम दूध पिएगा और कम दूध का मतलब है कम पोषण।
क्या पानी देने से नुकसान भी हो सकता है?
कई लोग सोचते हैं कि पानी नुकसान नहीं करता लेकिन 6 महीने से छोटे बच्चों के मामले में ऐसा नहीं है। बच्चों के गुर्दे इस उम्र में पूरी तरह विकसित नहीं होते। ऐसे में ज्यादा पानी उनके शरीर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है। इसी वजह से डॉक्टर 6 महीने से पहले पानी ना देने की सलाह देते हैं।
गर्मी में भी पानी की जरूरत नहीं पड़ती?
- यह सवाल सबसे ज्यादा पूछा जाता है। जवाब है- सामान्य परिस्थितियों में नहीं।
- मां के दूध और फॉर्मूला मिल्क में लगभग 85% पानी होता है यानी बच्चा दूध के जरिए ही पर्याप्त पानी प्राप्त कर लेता है। इसलिए तेज गर्मी के मौसम में भी अलग से पानी देने की जरूरत नहीं होती।
तो फिर पानी कब शुरू करना चाहिए?
जब बच्चा ठोस आहार खाना शुरू कर देता है, तब धीरे-धीरे पानी भी शुरू कर सकते हैं।
- 6 से 9 महीने की उम्र: ठोस आहार देने के बाद लगभग तीस मिली पानी दे सकते हैं। पूरे दिन में लगभग सौ से डेढ़ सौ मिली पानी पर्याप्त होता है।
- 9 से 12 महीने की उम्र: इस उम्र में बच्चे को हर ठोस आहार के बाद लगभग साठ मिली पानी दे सकते हैं। दिनभर में लगभग दो सौ से ढाई सौ मिली पानी काफी होता है।
नोट: हर बच्चा अलग होता है। अगर बच्चा समय से पहले पैदा हुआ है, किसी बीमारी से जूझ रहा है या आपको उसकी सेहत को लेकर कोई चिंता है, तो बच्चों के डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



