Home BUSINESS NEWS HINDI अमिताभ बच्चन ने बेचे 1.64 करोड़ के शेयर, फिर भी 5% उछला...

अमिताभ बच्चन ने बेचे 1.64 करोड़ के शेयर, फिर भी 5% उछला यह स्टॉक! क्या आपका है दांव?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर शेयर बाजार की खबरों में छा गए हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि एक स्मॉल-कैप कंपनी में की गई बड़ी डील है। स्टील वायर और प्लास्टिक पाइप बनाने वाली कंपनी डीपी वायर्स (DP Wires) के शेयर बुधवार को करीब 5% तक चढ़ गए, जबकि एक दिन पहले ही अमिताभ बच्चन ने इस कंपनी के शेयर बेचकर करीब 1.64 करोड़ रुपये की रकम हासिल की थी। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

आमतौर पर जब कोई बड़ा निवेशक या मशहूर हस्ती किसी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचती है, तो निवेशकों के बीच चिंता बढ़ जाती है और शेयर पर दबाव देखने को मिलता है। लेकिन, डीपी वायर्स के मामले में बिल्कुल उल्टा हुआ। अमिताभ बच्चन की बिक्री के बावजूद शेयर में तेजी देखने को मिली, जिसने बाजार के कई निवेशकों को हैरान कर दिया।

स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध बल्क डील के आंकड़ों के अनुसार अमिताभ बच्चन ने डीपी वायर्स के 1.23 लाख शेयर लगभग 200.84 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे। वहीं, उन्होंने 41,566 शेयर करीब 199.90 रुपये प्रति शेयर की दर से खरीदे भी। कुल मिलाकर वे 82,056 शेयरों के नेट सेलर रहे और इस डील का मूल्य लगभग 1.64 करोड़ रुपये रहा।

दिलचस्प बात यह है कि इस बिक्री के बाद भी कंपनी में उनकी हिस्सेदारी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मार्च 2026 की शेयरहोल्डिंग रिपोर्ट के अनुसार अमिताभ बच्चन के पास कंपनी में लगभग 3.27 लाख शेयर थे, जो कुल हिस्सेदारी का 2.11% हिस्सा था, यानी वह अब भी कंपनी के महत्वपूर्ण निवेशकों में शामिल हैं।

मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि निवेशकों ने अमिताभ बच्चन की इस बिक्री को मुनाफावसूली (Profit Booking) के रूप में देखा है, न कि कंपनी के भविष्य को लेकर किसी नकारात्मक संकेत के रूप में। यही कारण है कि शेयर में बिकवाली का दबाव नहीं बना और स्टॉक लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त दर्ज करने में सफल रहा।

पिछले तीन ट्रेडिंग सत्रों में डीपी वायर्स के शेयर में करीब 21% की तेजी आ चुकी है। मजबूत खरीदारी और बढ़े हुए वॉल्यूम से यह संकेत मिलता है कि निवेशकों का भरोसा अभी भी कंपनी पर कायम है। कई निवेशक यह मान रहे हैं कि कंपनी के बिजनेस और भविष्य की संभावनाएं मजबूत हैं, इसलिए एक बड़े निवेशक की आंशिक हिस्सेदारी बिक्री से ज्यादा फर्क नहीं पड़ा।

डीपी वायर्स मुख्य रूप से स्टील वायर, स्ट्रैंड, केबल और प्लास्टिक पाइप के निर्माण के क्षेत्र में काम करती है। इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण क्षेत्र में बढ़ती मांग का फायदा कंपनी को मिल रहा है। यही वजह है कि हाल के दिनों में इस शेयर में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।

आज का शेयर परफॉर्मेंस

डी पी वायर्स लिमिटेड (DP Wires Ltd) के शेयर में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। 24 जून 2026 को खबर लिखे जाने तक स्टॉक 4.67% उछलकर 213.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिनभर के कारोबार में शेयर ने 9.52 रुपये की बढ़त दर्ज की। शेयर लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में मजबूत प्रदर्शन करता दिखा। पिछले तीन दिनों में स्टॉक करीब 21% तक चढ़ चुका है।

फिलहाल, बाजार की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि आने वाले समय में अमिताभ बच्चन अपनी बाकी हिस्सेदारी बनाए रखते हैं या उसमें और बदलाव करते हैं। वहीं निवेशक यह भी देख रहे हैं कि कंपनी का प्रदर्शन और शेयर की तेजी आगे कितने समय तक जारी रहती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN