Home World News hindi कांगो से निकला इबोला फ्रांस पहुंचा, सामने आया पहला मामला; युगांडा में...

कांगो से निकला इबोला फ्रांस पहुंचा, सामने आया पहला मामला; युगांडा में 20 संक्रमित

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Ebola In France: लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो में शुरू हुए इबोला वायरस के भयानक प्रकोप ने अब अंतरराष्ट्रीय सीमाएं पार कर ली हैं। महज एक महीने में कांगो में एक हजार से ज्यादा पुष्ट मामले दर्ज होने के बाद फ्रांस में पहला मामला सामने आ गया है।

लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो (DRC) में शुरू हुए इबोला वायरस के प्रकोप ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। कांगो में महज एक महीने के अंदर पुष्ट मामलों की संख्या एक हजार को पार कर गई है, जबकि युगांडा और फ्रांस में भी नए मामले सामने आए हैं। फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को देश में इबोला का पहला पुष्ट मामला सामने आने की पुष्टि की। मंत्रालय के अनुसार, कांगो से लौटे एक डॉक्टर में वायरस की पुष्टि हुई है।

मंत्रालय के अनुसार, मरीज मंगलवार को पेरिस पहुंचा था और वह किंशासा से एयर फ्रांस की व्यावसायिक उड़ान से आया था। डॉक्टर में सिरदर्द के अलावा अन्य लक्षण लगभग नहीं थे, लेकिन उड़ान के दौरान उनकी हालत थोड़ी बिगड़ गई। लैंडिंग के तुरंत बाद उन्हें आइसोलेशन में रख लिया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरीज की हालत स्थिर है और उनका वायरल लोड बहुत कम है। एयरलाइंस ने सभी यात्रियों की सूची स्वास्थ्य अधिकारियों को सौंप दी है और संपर्क में आए व्यक्तियों की ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है।

युगांडा में 20 मामले, 15 स्वस्थ

दूसरी ओर युगांडा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि देश में कुल 20 इबोला मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें से 15 कांगो से आए प्रवासी हैं, जबकि पांच स्थानीय संक्रमण के मामले हैं। राहत की बात यह है कि 20 में से 15 मरीज पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। फिलहाल तीन मरीजों का इलाज चल रहा है और दो लोगों की मौत हो चुकी है।

कांगो में रिकॉर्ड तेजी से फैला प्रकोप

कांगो में 15 मई को घोषित इस नए प्रकोप के पहले महीने में ही 1094 पुष्ट मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 277 मौतें शामिल हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के स्वास्थ्य आपातकाल निदेशक अब्दिरहमान महामुद ने जिनेवा में कहा कि अफ्रीका के इतिहास में इबोला के पहले महीने में इतनी बड़ी संख्या में मामले पहली बार दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में 387 मरीज इलाज या क्वारंटाइन में हैं और 131 संदिग्ध मामले दर्ज हैं।

सरकारी प्रयास तेज

कांगो सरकार ने संकट से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले दो हफ्तों में प्रभावित क्षेत्रों में बेडों की संख्या 500 से अधिक कर दी गई है। राजधानी किंशासा समेत इतुरी, उत्तर कीवू और दक्षिण कीवू प्रांतों में टेस्टिंग क्षमता को प्रतिदिन 30 से बढ़ाकर 2000 कर दिया गया है। राष्ट्रपति फेलिक्स त्शिसिकेदी ने महामारी के केंद्र इतुरी प्रांत का दौरा करने का ऐलान किया है। साथ ही, युगांडा और कांगो ने संयुक्त सीमा-पार अभियान शुरू किया है, जिसमें दोनों देशों की रैपिड रिस्पांस टीमें और मोबाइल लैब्स मिलकर काम करेंगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN