Home World News hindi 2 फाड़ सड़कें, इमारतें जमींदोज और जान बचाने को भागते लोग; वेनेजुएला...

2 फाड़ सड़कें, इमारतें जमींदोज और जान बचाने को भागते लोग; वेनेजुएला में भूकंप के बाद हर तरफ तबाही

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पीएम नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में भूकंप के बाद हुई तबाही पर दुख जताते हुए कहा है कि भारत इस लातिन अमेरिकी देश को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। भूकंप में दस हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है।

लातिन अमेरिकी देश वेनेजुएला में गुरुवार सुबह भूकंप ने भीषण तबाही मचाई है। महज 39 सेकेंड के भीतर आए दो शक्तिशाली भूकंप के झटकों के बाद अब वहां से तबाही के बेहद डरावने वाले वीडियो और तस्वीरें सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे भूकंप के जोरदार झटकों से मजबूत सड़कें बीच से दो हिस्सों में फट गईं, गगनचुंबी इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सड़कों पर भागते नजर आए।

इससे पहले गुरुवार सुबह वेनेजुएला में भूकंप के दो तेज झटके महसूस किये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.2 और 7.5 मापी गई है।। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया है कि भूकंप का केंद्र मोरोन शहर के पास था। देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेजमें आपातकाल घोषित कर दिया है। इधर अब तक 3 दर्जन से ज्यादा मौतों की पुष्टि हो गई है। हालांकि मरने वालों की संख्या काफी ज्यादा बढ़ने की आशंका है। USGS के एक अनुमान के मुताबिक इस भूकंप की वजह से 10 हजार से लेकर 1 लाख मौतों की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।

भयावह तस्वीरें

भूकंप के बाद इंटरनेट पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इससे तबाही का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। कई इलाकों में कंक्रीट की पक्की सड़कें बीच से फट गईं। कई गाड़ियों के पहिये उन दरारों में फंस गए हैं। वहीं राजधानी काराकास से सामने आए एक वीडियो में दिखा कि एक बहुमंजिला इमारत की छत पर बने स्विमिंग पूल का पानी भूकंप के झटकों के कारण सुनामी की लहरों की तरह उफनकर सीधे नीचे सड़क पर झरने की तरह गिरने लगा। एक अन्य क्लिप में हवाई अड्डे के टर्मिनल के भीतर का नजारा है, जहां धरती डोलने के बाद यात्री अपना सामान छोड़कर चीखते-चिल्लाते हुए बाहर की तरफ भागते दिख रहे हैं।

मलबे में तब्दील हुए घर

वालेंसिया शहर के एक चश्मदीद ने बताया कि उनके अपार्टमेंट की दीवारें बीच से फट गईं, जिसके बाद वे तुरंत खाली मैदान की तरफ भागे। फिलहाल पूरे प्रभावित इलाकों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और इमरजेंसी क्रू तैनात हैं। वेनेजुएला के आंतरिक मामलों के मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने सरकारी टेलीविजन पर लाइव आकर देश के हालातों की जानकारी दी। कैबेलो ने बताया, “राजधानी काराकास में कई बड़ी बड़ी इमारतें ढह गई हैं और कई रिहायशी घर पूरी तरह मलबे में तब्दील हो चुके हैं।”

बेहद भयावह भूकंप

USGS ने इस भूकंप को भयावह बताया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक यह कोई सामान्य आफ्टरशॉक नहीं था। दोनों भूकंप एक-दूसरे से महज 45 किलोमीटर की दूरी पर लेकिन अलग-अलग गहराई पर आए, जिसने धरती के भीतर ऐसा कंपन पैदा किया कि पड़ोसी देश कोलंबिया तक की धरती बुरी तरह हिल गई। वहीं करीब 20 आफ्टरशॉक भी रिकॉर्ड किये गए हैं। भूविज्ञान एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि अभी और तेज झटके आ सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN