Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर बार-बार टमाटर खराब हो जाते हैं, तो यह आसान स्टोरेज हैक आपके काम आ सकता है। कंटेंट क्रिएटर ने टमाटर को लंबे समय तक ताजा रखने का ऐसा तरीका बताया है, जिससे वे महीनों तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
Tomato Store Karne ka Easy Tarika: टमाटर भारतीय रसोई का सबसे जरूरी हिस्सा हैं। सब्जी, दाल, चटनी या ग्रेवी, शायद ही कोई ऐसी डिश हो जिसमें टमाटर का इस्तेमाल ना होता हो। लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि ज्यादा मात्रा में खरीदे गए टमाटर कुछ ही दिनों में नरम पड़ने लगते हैं या खराब हो जाते हैं। खासकर गर्मी और बरसात के मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप भी बार-बार टमाटर खराब होने से परेशान हैं, तो यह आसान हैक आपके बहुत काम आ सकता है।
सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर ‘मॉम्स गपशप’ ने टमाटर को लंबे समय तक (लगभग 5-6 महीने तक) सुरक्षित रखने का एक आसान तरीका शेयर किया है, जिसकी मदद से टमाटर महीनों तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं। जानें इस हैक के बारे में –
क्या है यह वायरल टोमैटो स्टोरेज हैक?
इस हैक में ताजा टमाटरों को काटकर फ्रीजर में रखा जाता है। इससे जरूरत पड़ने पर आप आसानी से जितने चाहें उतने टमाटर निकालकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
ऐसे करें टमाटरों को स्टोर
स्टेप 1: सबसे पहले ताजे और अच्छी क्वालिटी वाले टमाटर चुन लें और धोकर रख लें।
स्टेप 2: अब टमाटरों को गोल आकार में काट लें। सभी टुकड़ों का आकार लगभग एक जैसा रखने की कोशिश करें।
स्टेप 3: अब एक प्लास्टिक रैप लें। उस पर टमाटर के टुकड़ों को एक-एक करके रखते जाएं। इसके ऊपर फिर प्लास्टिक रैप की परत लगाएं। इसी तरह परत बनाते हुए सभी टमाटर के टुकड़ों को जमा लें।
स्टेप 4: जब पूरी पैकिंग तैयार हो जाए, तो इसे अच्छी तरह बंद कर दें और फ्रीजर में रख दें।
हैक ट्राई करने से पहले जरूरी बातें-
- हमेशा ताजे टमाटर ही चुनें: खराब या सड़े हुए टमाटरों को फ्रीजर में ना रखें।
- पिघले हुए टमाटर दोबारा जमा ना करें: एक बार फ्रीजर से निकालने के बाद उन्हें दोबारा जमा करने से बचें।
- बनावट में बदलाव: फ्रीजर में रखने के बाद टमाटरों की बनावट थोड़ी नरम हो सकती है। इसलिए इन्हें सलाद की बजाय पकाने वाली चीजों में इस्तेमाल करना बेहतर है।
क्या यह हैक सच में काम करता है?
फ्रीजर में सब्जियों और फलों को सुरक्षित रखना कोई नई बात नहीं है। सही तरीके से पैक किए गए टमाटर लंबे समय तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं। लेकिन पिघलने के बाद उनकी बनावट ताजे टमाटरों जैसी नहीं रहती। ऐसे टमाटर सब्जी, ग्रेवी, सूप और सॉस में ज्यादा अच्छे लगते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



