Home World News hindi क्या वेनेजुएला में भूकंप नहीं, डबलेट आया था? 39 सेकंड के भीतर...

क्या वेनेजुएला में भूकंप नहीं, डबलेट आया था? 39 सेकंड के भीतर दो बार मची भयानक तबाही

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

रिपोर्ट के मुताबिक, आशंका है कि वेनेजुएला में पहले भूकंप ने ही दूसरे भूकंप को उत्पन्न किया हो। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि पहले भूकंप के दौरान पृथ्वी की ऊपरी सतह में हुए विस्थापन ने दूसरे भूकंप के स्रोत भ्रंश पर दबाव बढ़ा दिया हो।

वेनेजुएला के उत्तरी हिस्से में बुधवार शाम महज 39 सेकंड के अंतराल पर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई। पहला भूकंप याराकुय राज्य की राजधानी सैन फेलिपे के पास आया, जबकि दूसरा झटका इसके कुछ ही सेकंड बाद युमारे कस्बे के निकट महसूस किया गया। दोनों भूकंपों के केंद्र एक-दूसरे से केवल 5 से 10 किलोमीटर की दूरी पर थे। इन झटकों का असर राजधानी कराकास तक महसूस किया गया, जो भूकंप के केंद्र से लगभग 150 किलोमीटर दूर है।

कई इमारतें ढह गईं। मृतकों और घायलों की संख्या हजारों तक पहुंचने की आशंका है। पहाड़ी इलाका होने के कारण भूस्खलन और जमीन धंसने जैसी घटनाओं की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे राहत व बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या वेनेजुएला में आया भूकंप डबलेट था? चलिए समझते हैं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार यह घटना डबलेट यानी भूकंपों की जुड़ी हुई श्रृंखला थी। पहले आए 7.2 तीव्रता के भूकंप को फोरशॉक माना गया, जबकि 39 सेकंड बाद आया 7.5 तीव्रता का झटका मुख्य भूकंप था। सामान्य तौर पर किसी बड़े भूकंप के बाद छोटे-छोटे आफ्टरशॉक आते हैं, लेकिन डबलेट में लगभग समान तीव्रता के दो बड़े भूकंप बेहद कम समय और कम दूरी के भीतर आते हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि दोनों भूकंप आपस में जुड़े होने के बावजूद अलग-अलग फॉल्ट पर उत्पन्न हुए। माना जा रहा है कि पहले भूकंप से पृथ्वी की परतों में पैदा हुए तनाव ने दूसरी फॉल्ट लाइन को सक्रिय कर दिया, जिससे दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया।

वेनेजुएला से पहले कब आया था डबलेट

विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप डबलेट दुर्लभ घटनाएं होती हैं, लेकिन इतिहास में इनके उदाहरण मिलते हैं। वर्ष 2023 में तुर्किये और सीरिया में 7.8 और 7.7 तीव्रता के दो बड़े भूकंप नौ घंटे के अंतराल में आए थे, जिनसे 1.4 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए थे। इसी तरह 1988 में ऑस्ट्रेलिया के टेनेंट क्रीक क्षेत्र में केवल आधे घंटे के भीतर तीन बड़े भूकंप आए थे, जिसे ट्रिपलेट कहा गया। वेनेजुएला की ताजा घटना भी इसी श्रेणी की मानी जा रही है और वैज्ञानिक इसके भूकंपीय व्यवहार का विस्तृत अध्ययन कर रहे हैं।

वेनेजुएला भूकंपों के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है क्योंकि यह कैरेबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों की सक्रिय सीमा पर स्थित है। उत्तरी वेनेजुएला में कैरेबियन प्लेट हर साल लगभग 20 मिलीमीटर की गति से दक्षिण अमेरिकी प्लेट के सापेक्ष पूर्व दिशा में खिसकती है। इस प्रक्रिया से बोकोनो, सैन सेबास्टियन और एल पिलार जैसी प्रमुख स्ट्राइक-स्लिप फॉल्ट प्रणालियां सक्रिय रहती हैं, जहां उथले लेकिन विनाशकारी भूकंप आने की संभावना बनी रहती है। इससे पहले वर्ष 1900 में कराकास में 7.7 तीव्रता का भूकंप और 1967 में 6.5 तीव्रता का भूकंप भी इस क्षेत्र में भारी तबाही मचा चुके हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN