Source :- LIVE HINDUSTAN
क्या हर महीने सिर्फ 20,000 रुपये निवेश करके 1 करोड़ रुपये का फंड बनाया जा सकता है? इसका जवाब है -हां, लेकिन इसके लिए सबसे जरूरी है सही समय पर निवेश शुरू करना और उसे लंबे समय तक जारी रखना। कंपाउंडिंग की पावर आपके छोटे-छोटे निवेश को बड़ा फंड बना सकती है। आइए जानते हैं कि 20,000 रुपये की मंथली SIP से 1 करोड़ रुपये के टारगेट पाने में कितना समय लग सकता है।
SIP में निवेश है बेस्ट ऑप्शन
अगर आप फ्यूचर के लिए बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो म्यूचुअल फंड का सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें हर महीने एक तय रकम निवेश की जाती है, जिससे धीरे-धीरे बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। SIP की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव का असर औसत हो जाता है। साथ ही लंबे समय में कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है।
मान लीजिए कि कोई निवेशक हर महीने 20,000 रुपये की SIP करता है और उसे औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलता है। ऐसे में करीब 16 साल में उसका निवेश 1 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
कैसे बनेगा 1 करोड़ रुपये का फंड?
हर महीने निवेश – 20,000 रुपये
निवेश का पीरियड – 16 साल
कुल निवेश – 38.40 लाख रुपये
अनुमानित सालाना रिटर्न – 12 प्रतिशत
अनुमानित मुनाफा – 70.76 लाख रुपये
कुल मैच्योरिटी अमाउंट – करीब 1.09 करोड़ रुपये
यह कैलकुलेशन मंथली कंपाउंडिंग के आधार पर की गई है। हालांकि, म्यूचुअल फंड बाजार से जुड़े होते हैं, इसलिए वास्तविक रिटर्न इससे कम या ज्यादा हो सकता है।
जल्दी शुरुआत करना क्यों है जरूरी?
पैसा बनाने में सिर्फ बड़ी रकम निवेश करना ही जरूरी नहीं है। सबसे जरूरी समय होता है। जितनी जल्दी आप SIP शुरू करेंगे, उतना ज्यादा समय आपके निवेश को बढ़ने का मिलेगा। अगर निवेश शुरू करने में कुछ साल की देरी हो जाती है, तो 1 करोड़ रुपये का टारगेट हासिल करने में भी कई साल एक्स्ट्रा लग सकते हैं।
नियमित निवेश से ही बनेगा बड़ा फंड
लंबे पीरियड में अच्छा फंड बनाने के लिए जरूरी है कि निवेशक बाजार में गिरावट के दौरान भी SIP बंद न करें। नियमित निवेश और लंबे समय तक निवेश बनाए रखने से ही कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है। हालांकि, निवेश करने से पहले अपने फाइनेंशियल टारगेट, जोखिम उठाने की क्षमता और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




